दुनिया

इमरान खान को सरेआम फांसी पर लटका देना चाहिए- पाकिस्तान के विपक्षी नेता की मांग, रिहा करने वाले जज के खिलाफ प्रस्ताव पास

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated May 15, 2023, 07:10 PM IST

पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में विपक्ष के नेता राजा रियाज अहमद खान ने सदन में सोमवार को कहा कि इमरान खान को सार्वजनिक रूप से फांसी दी जानी चाहिए थी। उन्होंने पूर्व प्रधान मंत्री को जमानत देने के लिए अदालतों की आलोचना भी की। पाकिस्तान के सत्तारूढ़ गठबंधन ने कोर्ट के हाल के कुछ फैसलों के विरोध में आज सुप्रीम कोर्ट के बाहर प्रदर्शन किया।

Image

पाकिस्तान में सुप्रीम कोर्ट के बाहर हंगामा (वायरल वीडियो स्क्रीनशॉट- @Hammad_Azhar)

लग रहा था कि इमरान खान के रिहा होते ही पाकिस्तान में शांति आ जाएगी, हिंसा बंद हो जाएगी, लेकिन पाकिस्तान में अब दूसरा बवाल शुरू हो गया है। अब इमरान के खिलाफ लोग सड़कों पर उतर आए हैं। सुप्रीम कोर्ट के बाहर विरोध प्रदर्शन हो रहा है, इसी बीच भरी असेंबली में एक नेता ने इमरान खान को सरेआम फांसी देने की मांग कर दी है।

'अदालतों के दामाद नहीं'

पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में विपक्ष के नेता राजा रियाज अहमद खान ने सदन में सोमवार को कहा कि इमरान खान को सार्वजनिक रूप से फांसी दी जानी चाहिए थी। उन्होंने पूर्व प्रधान मंत्री को जमानत देने के लिए अदालतों की आलोचना भी की। उन्होंने कहा- "इमरान खान को सार्वजनिक रूप से फांसी दी जानी चाहिए थी, लेकिन अदालतें उनका ऐसे स्वागत कर रही हैं जैसे कि वह उनके दामाद हों। अगर न्यायाधीश इस यहूदी एजेंट से इतने खुश हैं, तो उन्हें पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ में शामिल हो जाना चाहिए। उनकी पार्टी में कुछ सीटें खाली हैं। आगे चलकर उन्हें पीटीआई के टिकट पर चुनाव लड़ना चाहिए। उनकी जगह उन जजों को लाना चाहिए जो गरीबों को न्याय दे सकें।"

सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ प्रदर्शन

पाकिस्तान के सत्तारूढ़ गठबंधन ने कोर्ट के हाल के कुछ फैसलों के विरोध में आज सुप्रीम कोर्ट के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कई मामलों में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को व्यापक राहत मिली है। जियो न्यूज ने इस्लामाबाद पुलिस प्रवक्ता के हवाले से कहा कि पीडीएम कार्यकर्ता सुप्रीम कोर्ट के द्वार के बाहर पहुंच गए हैं। प्रदर्शनकारी रेड जोन में घुस आए हैं, लेकिन हालात शांतिपूर्ण हैं। डॉन न्यूज ने बताया कि रेड जोन की ओर जाने वाले सभी मार्गों को वाहनों के लिए बंद कर दिया है। प्रदर्शन के सामने आए वीडियो में दिख रहा है कि कैसे प्रदर्शनकारी सुप्रीम कोर्ट के गेट पर चढ़े हुए हैं।

प्रस्ताव पास

नेशनल असेंबली ने सोमवार को सर्वसम्मति से एक विशेष समिति के गठन की मांग करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया, जिसमें पाकिस्तान के मुख्य न्यायाधीश (CJP) उमर अता बांदियाल को हटाने के लिए कमेटी गठित करने की बात कही गई है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article