दुनिया

'अगर हमला हुआ तो अमेरिकी सैन्य अड्डों...', US ने लगाए नए प्रतिबंध तो भड़का तेहरान, ट्रंप को दे डाली चेतावनी

Iran US Conflict: ईरान और अमेरिका के बीच तल्खियां कम होने का नाम ही नहीं ले रही हैं। ईरान ने अब साफ कर दिया है कि अगर अमेरिका ने हमला किया तो तेहरान मिडिल ईस्ट में मौजूद अमेरिकी सैन्य अड्डों को निशाना बनाएगा।

Image

ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई (बाएं) और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (दाएं) (फाइल फोटो)

Iran US Conflict: ईरान और अमेरिका के बीच तल्खियां कम होने का नाम ही नहीं ले रही हैं। बीते दिनों ओमान में दोनों देशों के बीच बातचीत के कुछ समय बाद ही ट्रंप प्रशासन ने तेहरान पर नए प्रतिबंध लगा दिए हैं और अब तेहरान ने अमेरिका को खुली चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ईरान पर हमला हुआ तो हम मिडिल ईस्ट में मौजूद अमेरिकी सैन्य अड्डों को छोड़ेंगे नहीं।

'अमेरिकी बेस को निशाना बनाएगा ईरान'

अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने शनिवार को साफ किया कि अगर अमेरिका ने हमला किया तो ईरान मिडिल ईस्ट में मौजूद अमेरिकी सैन्य अड्डों को निशाना बनाएगा, लेकिन इसे उन देशों पर हमला करना नहीं माना जाना चाहिए, जहां ये अमेरिकी सैन्य अड्डे मौजूद हैं।

अब्बास अराघची ने कतर के अल जजीरा के साथ बातचीत मेंय यह टिप्पणी की। उनकी यह टिप्पणी ईरान और अमेरिका के बीच शुक्रवार को हुई चर्चा के एक दिन बाद आई, जिसे दोनों पक्षों ने सकारात्मक बताया था। इस बातचीत के बाद तेहरान और वाशिंगटन ने परमाणु मुद्दे पर अप्रत्यक्ष बातचीत जारी रखने का वादा किया था।

कब होगी अगले दौर की बातचीत?

अराघची ने कहा कि बातचीत के अगले दौर के लिए अभी तक कोई तारीख तय नहीं हुई है, जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यह अगले हफ्ते की शुरुआत में हो सकती है। हालांकि, अराकची ने कहा, "हम और वाशिंगटन मानते हैं कि यह जल्द ही होनी चाहिए।"

ट्रंप ने दी हमले की धमकी

ट्रंप ने इस क्षेत्र में अमेरिकी नौसेना की तैनाती के बाद ईरान पर हमले की धमकी दी और मांग की कि वह यूरेनियम संवर्धन (न्यूक्लियर ईंधन बनाने की प्रक्रिया) छोड़ दे। साथ ही बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम और क्षेत्र में सशस्त्र समूहों को समर्थन देना बंद करे। हालांकि, तेहरान लगतार कहता रहा है कि उसका परमाणु कार्यक्रम हथियार बनाने के लिए नहीं है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article