ट्रंप का ईरान पर बड़ा एक्शन, ओमान में बातचीत खत्म होते ही लगाए नए प्रतिबंध; क्या बदला लेंगे खामनेई?
- Edited by: अनुराग गुप्ता
- Updated Feb 6, 2026, 11:36 PM IST
US Iran Nuclear Talks: ईरान से बातचीत खत्म होने के कुछ घंटे बाद ही अमेरिका ने नए प्रतिबंध लगा दिए। अमेरिका ने शुक्रवार को ईरान के पेट्रोलियम और पेट्रोकेमिकल उत्पादों से जुड़े 15 संस्थानों पर प्रतिबंध लगाया।
ईरान के साथ वार्ता के बाद अमेरिका की बड़ी कार्रवाई
US Iran Nuclear Talks: अमेरिका और ईरान के बीच तेहरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर हुई बातचीत के कुछ घंटों बाद ही ट्रंप प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सभी को चौंका दिया। भले ही बातचीत में कोई ठोस नतीजा नहीं निकला हो, लेकिन दोनों देश इसे पॉजिटिव वार्ता बता रहे थे। हालांकि, कुछ घंटे बाद ही ट्रंप प्रशासन ने तेहरान पर नए प्रतिबंध लगा दिए, जिसको लेकर दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
ट्रंप प्रशासन ने लगाए नए प्रतिबंध
अमेरिका ने शुक्रवार को ईरान के पेट्रोलियम और पेट्रोकेमिकल उत्पादों से जुड़े 15 संस्थानों पर प्रतिबंध लगा दिए। अमेरिका का आरोप है कि ईरान इनसे मिलने वाले पैसों का इस्तेमाल दुनिया भर में 'अस्थिर करने वाली गतिविधियों' और विरोध प्रदर्शनों को दबाने में करता है।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रधान उप-प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने बताया कि विदेश विभाग ने ईरान के अवैध तेल और पेट्रोकेमिकल व्यापार से जुड़े 15 संस्थानों, 2 व्यक्तियों और 14 शैडो फ्लीट जहाजों पर प्रतिबंध लगाए हैं। उनका कहना है कि इन गतिविधियों से मिलने वाली कमाई का इस्तेमाल ईरानी शासन अपनी नकारात्मक और खतरनाक गतिविधियों के लिए करता है।
समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, बयान में कहा गया, ''ईरानी शासन अपने लोगों की भलाई और खराब हो रहे बुनियादी ढांचे पर निवेश करने के बजाय, दुनिया भर में अस्थिरता फैलाने और देश के भीतर दमन बढ़ाने पर खर्च कर रहा है।
तेहरान और वाशिंगटन के बीच हुई जारी
इससे पहले, ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर ओमान की मध्यस्थता में तेहरान और वाशिंगटन के बीच शुक्रवार को मस्कट में अप्रत्यक्ष वार्ता हुई। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने वार्ता को "एक बहुत अच्छी शुरुआत" करार दिया था। हालांकि, ईरान और अमेरिका के वार्ताकारों ने मस्कट के बाहरी इलाके में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास स्थित एक पैलेस में ओमान के शीर्ष राजनयिक के साथ अलग-अलग बैठक की।
