दुनिया

Hurricane Melissa: हैती में तूफान 'मेलिसा' से 25 लोगों की मौत, जमैका और क्यूबा में भारी नुकसान

तूफान 'मेलिसा' के कारण आई भारी बाढ़ से बचाव के लिए निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर जाने में कठिनाई हो रही है, तथा हैती की नागरिक सुरक्षा एजेंसी का केवल एक अधिकारी ही प्रभावित क्षेत्र में मौजूद है। तूफान ने बुधवार को जमैका और क्यूबा में भी तबाही मचाई। जमैका में कम से कम एक व्यक्ति की मौत होने की खबर है।

Image

हैती में तूफान 'मेलिसा' से 25 लोगों की मौत (Photo-AP)

Hurricane Melissa Update: हैती में तूफान 'मेलिसा' (Hurricane Melissa) के कारण आई बाढ़ से 25 लोगों की मौत हो गई। तूफान ने बुधवार को जमैका और क्यूबा में भी तबाही मचाई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दक्षिणी हैती के तटीय शहर पेटिट-गोएव के मेयर जीन बर्ट्रेंड सुब्रम ने 'एसोसिएटेड प्रेस' को बताया कि ला डिग्यू नदी के तटबंध टूटने और आसपास के मकानों में पानी भर जाने से 25 लोगों की मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह तक कई मकान ढह गए और लोग अब भी मलबे में फंसे हुए हैं। उन्होंने कहा, 'मैं इस स्थिति से व्यथित हूं।' उन्होंने सरकार से पीड़ितों को बचाने में मदद करने की अपील की।

तूफान 'मेलिसा' के कारण आई भारी बाढ़ से बचाव के लिए निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर जाने में कठिनाई हो रही है, तथा हैती की नागरिक सुरक्षा एजेंसी का केवल एक अधिकारी ही प्रभावित क्षेत्र में मौजूद है।

जमैका में भी हुई मौत

जमैका में कम से कम एक व्यक्ति की मौत होने की खबर है, जहां मंगलवार को 'मेलिसा' तूफान 185 मील प्रति घंटे (295 किलोमीटर प्रति घंटे) की रफ्तार से तट से टकराया, जो अब तक के सबसे शक्तिशाली अटलांटिक तूफानों में से एक है।

जमैका के मंत्री अबका फिट्ज-हेनले ने स्थानीय रेडियो स्टेशन 'नेशनवाइड न्यूज नेटवर्क' को बताया कि द्वीप राष्ट्र के पश्चिम क्षेत्र में एक पेड़ एक बच्चे पर गिर गया। उन्होंने बताया कि सबसे अधिक विनाश दक्षिण-पश्चिम और उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में हुआ है।

क्यूबा को पार करते समय कमजोर पड़ने का अनुमान

अधिकारियों ने बताया कि कई मकान ढह गए और सड़कें अवरुद्ध हो गईं। उन्होंने बताया कि पूर्वी क्यूबा में लगभग 7,35,000 लोग अब भी आश्रय गृहों में हैं। बता दें कि 'मेलिसा' के क्यूबा को पार करते समय कमजोर पड़ने का अनुमान है, लेकिन बुधवार को दक्षिण-पूर्वी या मध्य बहामास से गुजरते समय यह मजबूत बना रहेगा। बृहस्पतिवार देर रात तक इसके बरमूडा के निकट पहुंचने का अनुमान है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article