ब्रिटेन के हीथ्रो एयरपोर्ट पर रविवार सुबह अचानक आपात परिस्थिति पैदा हो गई। यहां के टर्मिनल-3 की मल्टी-स्टोरी पार्किंग में पेपर स्प्रे हमले की घटना के बाद भगदड़ मच गई। इस घटना की वजह से एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशंस बुरी तरह प्रभावित हुए। इस घटना में कई यात्री घायल भी हुए हैं। मामले में पुलिस ने जांच शुरू करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। हालांकि शुरुआती जांच के आधार पर मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने इसे आतंकी घटना मामने से फिलहाल इनकार कर दिया है।
उड़ानों में भी हुई काफी देरी
वहीं, इस घटना के चलते कई उड़ानों में भी काफी देरी हुई। वहीं, हीथ्रो एयरपोर्ट प्रशासन ने भी यात्रियों को समय लेकर आने की सलाह दी है। घटना को लेकर हीथ्रो एयरपोर्ट ने जारी बयान में कहा कि हमारी टीम आपातकालीन सेवाओं के साथ मिलकर टर्मिनल 3 पार्किंग में हुई घटना पर काम कर रही हैं। यात्रियों से समय से पहले आने और अपनी एयरलाइन से संपर्क करने का अनुरोध है।
यह आतंकी घटना नहीं
मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने बताया कि यह घटना आतंकी गतिविधि नहीं लगती और घायलों को हल्की चोटें आई हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि टर्मिनल-3 की मल्टी स्टोरी पार्किंग के पास दो लोगों के बीच झगड़ा हुआ था, वे दोनों एक दूसरे को जानते भी थे।
पुलिस का और क्या कहना है?
मेट्रोपॉलिटन पुलिस कमांडर पीटर स्टीवंस ने कहा कि यह मामला एक ग्रुप के बीच हुए विवाद का परिणाम है, जो बाद में हिंसा में बदल गया। यह घटना आतंकवाद से जुड़ी नहीं है। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुबह एयरपोर्ट पर पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ा दी गई है। उन्होंने अपील की है कि जिसे भी इस संबंध में जानकारी हो वह आगे आकर बताए। फिलहाल अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है। लंदन एम्बुलेंस सेवा ने बताया कि घटना के बाद पांच लोगों को अस्पताल ले जाया गया था। वहीं, कुल 21 लोगों का इलाज किया गया।
