Philippines Senate: फिलीपीन संसद के उच्च सदन में बुधवार रात उस समय गोलीबारी की घटना हुई, जब अधिकारियों ने एक सांसद को गिरफ्तार करने की कोशिश की है। एसोसिएटेड प्रेस के पत्रकार और प्रत्यक्षदर्क्षियों ने यह जानकारी दी।
क्यों हुई गोलीबारी?
उन्होंने बताया कि सांसद मानवता के खिलाफ अपराध के आरोप में अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय द्वारा वांछित है। यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो पाया कि गोलीबारी किस वजह से हुई?
फिलीपीन के अधिकारियों द्वारा सीनेटर रोनाल्ड डेला रोजा को गिरफ्तार करने और संभवतः बाद में अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) को सौंपने के प्रयास के दौरान डेला रोजा को सहयोगी सांसदों की सुरक्षात्मक हिरासत में रखा गया है।
कौन हैं डेला रोजा?
आईसीसी ने डेला रोजा को गिरफ्तार करने के लिए जारी वारंट को सोमवार को सार्वजनिक किया। डेला रोजा राष्ट्रीय पुलिस के पूर्व प्रमुख हैं और उन्होंने तत्कालीन राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते के मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान को सबसे पहले लागू किया था, जिसमें हजारों संदिग्ध मारे गए थे।
आईसीसी ने सबसे पहले डेला रोजा के खिलाफ नवंबर में वारंट जारी किया था। उनपर जुलाई 2016 और अप्रैल 2018 के बीच 'कम से कम 32 व्यक्तियों' की हत्या के कारण मानवता के खिलाफ अपराध का आरोप लगाया गया है। ये अपराध दुतेर्ते के शासनकाल में हुए थे जब राष्ट्रीय पुलिस बल का नेतृत्व रोजा कर रहे थे।
डेला रोजा ने पत्रकारों से कहा, ''अगर मुझे किसी बात का जवाब देना है, तो मैं उसका सामना अपनी स्थानीय अदालतों में करूंगा, न कि विदेशियों के सामने।'' उन्होंने कहा कि मैं सभी कानूनी प्रक्रियाओं का सहारा लूंगा। उन्होंने राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर से आग्रह किया कि मुझे हेग मत भेजिए।
सोशल मीडिया पर छाया VIDEO
इस घटना से जुड़ा एक वीडियो इंटरनेट पर छाया हुआ है, जिसके सामने आने के बाद फिलीपींस की राजनीति में हलचल तेज हो गई। सोशल मीडिया पर लोग सीनेट परिसर के भीतर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं।
