ट्रंप ने फिर अलापा भारत-पाक युद्ध रुकवाने का राग, बोले-1 करोड़ से ज्यादा लोगों को बचाया
- Edited by: आलोक कुमार राव
- Updated Jan 17, 2026, 10:31 AM IST
व्हाइट हाउस के साउथ लान में मीडिया को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि 'ईरान कल 800 लोगों को फांसी देने जा रहा था लेकिन उसने इस सजा को टाल दिया। फांसी टालने के इस फैसले का वह काफी सम्मान करते हैं।' ट्रंप ने इससे पहले कहा था कि 'ईरान में प्रदर्शनकारियों की हत्याएं रुक गई हैं और वे वहां सैन्य दखल देने के बारे में सोचेंगे और देखेंगे।'
ईरान में फांसी टलने का ट्रंप ने लिया श्रेय। तस्वीर-AP
Donald Trump: अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार (स्थानीय समयानुसार) को कहा कि ईरान की इस्लामिक सरकार ने 800 लोगों की फांसी रोक दी, उसके इस फैसले का वह बहुत सम्मान करते हैं। व्हाइट हाउस के साउथ लान में मीडिया को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि 'ईरान कल 800 लोगों को फांसी देने जा रहा था लेकिन उसने इस सजा को टाल दिया। फांसी टालने के इस फैसले का वह काफी सम्मान करते हैं।' ट्रंप ने इससे पहले कहा था कि 'ईरान में प्रदर्शनकारियों की हत्याएं रुक गई हैं और वे वहां सैन्य दखल देने के बारे में सोचेंगे और देखेंगे।'
अमेरिकी राष्ट्रपति का यह अलग अंदाज तब सामने आया है जब वह कुछ दिनों पहले तक यह संकेत दे रहे थे कि अगर ईरान की सरकार ने व्यापक विरोध प्रदर्शनों के दौरान बड़े पैमाने पर हत्याएं कीं तो अमेरिका ईरान पर सैन्य हमला कर सकता है। यह प्रदर्शन फिलहाल शांत हो चुका है। ट्रंप ने शुक्रवार को संकेत दिया कि ग्रीनलैंड पर अमेरिकी नियंत्रण का समर्थन नहीं करने वाले देशों पर शुल्क लगाकर उन्हें दंडित किया जा सकता है। यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिकी संसद का एक प्रतिनिधिमंडल, कोपेनहेगन में डेनमार्क और ग्रीनलैंड के सांसदों से मिला तथा तनाव कम करने की कोशिश की।
युद्ध रुकवाकर 1 करोड़ लोगों को बचाया-ट्रंप
ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य टकराव को रुकवाकर लाखों लोगों की जान बचाई। ट्रंप ने फ्लोरिडा में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शुक्रवार को दावा किया कि अमेरिका ने एक साल से भी कम समय में कई शांति समझौते कराए हैं और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भारत एवं पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष ‘रुकवाकर कम से कम एक करोड़ लोगों की जान बचाने’ का श्रेय उन्हें दिया है। उन्होंने कहा, ‘एक साल से कम समय में हमने आठ शांति समझौते कराए और गाजा में युद्ध समाप्त कराया। पश्चिम एशिया में शांति है। किसी ने नहीं सोचा था कि यह संभव होगा।’ग्रीनलैंड पर लगातार बयान दे रहे ट्रंप
ट्रंप लगातार ग्रीनलैंड को कब्जे में लेने की बात कह रहे हैं। ग्रीनलैंड, नाटो (उत्तर अटलांटिक संधि संगठन) का एक अर्ध स्वायत्त क्षेत्र है और ट्रंप ने इस सप्ताह की शुरुआत में कहा था कि आर्कटिक द्वीप पर अमेरिका के नियंत्रण से कम कुछ भी स्वीकार नहीं है। ‘व्हाइट हाउस’ में ग्रामीण स्वास्थ्य देखभाल से संबंधित एक अलग कार्यक्रम के दौरान, उन्होंने शुक्रवार को बताया कि कैसे उन्होंने यूरोपीय सहयोगियों को दवाओं पर शुल्क लगाने की धमकी दी थी। उन्होंने कहा, ‘मैं ग्रीनलैंड के लिए भी ऐसा कर सकता हूं।’
...तो उस पर शुल्क लगा सकता हूं-ट्रंप
ट्रंप ने कहा, ‘अगर कोई देश ग्रीनलैंड के मामले में सहयोग नहीं करता है, तो मैं उस पर शुल्क लगा सकता हूं, क्योंकि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए हमें ग्रीनलैंड की आवश्यकता है। इसलिए मैं ऐसा कर सकता हूं।’ कोपेनहेगन में सीनेटर और प्रतिनिधि सभा के सदस्यों के एक समूह ने शुक्रवार को डेनमार्क के प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन के साथ ही डेनिश और ग्रीनलैंड के सांसदों सहित नेताओं से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल के नेता और डेलावेयर के डेमोक्रेट सीनेटर क्रिस कून्स ने समूह के मेजबानों को ‘225 वर्षों तक एक अच्छा और भरोसेमंद सहयोगी तथा भागीदार’ होने के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि ‘हमने इस संबंध को भविष्य में कैसे आगे बढ़ाया जाए, इस बारे में एक मजबूत और सार्थक संवाद किया।’