दुनिया

द्विपक्षीय रिश्ते को मजबूती देने वाले 3 क्षेत्रों का PM ने किया जिक्र, रणनीतिक भागीदारी तक पहुंचे भारत-इथियोपिया के रिश्ते

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘आज हमें अर्थव्यवस्था, नवाचार, प्रौद्योगिकी, रक्षा, स्वास्थ्य और बहुपक्षीय सहयोग जैसे हमारे सहयोग के प्रमुख पहलुओं पर विचार-विमर्श करने का अवसर मिला। मुझे खुशी है कि आज हमने भारत में इथियोपिया के छात्रों के लिए छात्रवृत्ति को दोगुना करने का निर्णय लिया है।’

Image

इथियोपिया के पीएम के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। तस्वीर-ANI

Photo : ANI

PM Modi Ethiopia Visit: जॉर्डन की अपनी यात्रा पूरी करने के बाद इथियोपिया पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस देश के साथ द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत बनाने वाले क्षेत्रों का जिक्र किया है। पीएम मोदी ने मंगलवार को कहा कि खाद्य एवं स्वास्थ्य सुरक्षा, क्षमता निर्माण और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर सहयोग के तीन ऐसे क्षेत्र हैं जो द्विपक्षीय रिश्ते में मजबूती ला सकते हैं। इथियोपिया के पीएम डॉ. अबी अहमद अली के साथ द्विपक्षीय वार्ता के दौरान ये बातें कहीं। दोनों देश रणनीति भागीदारी पर भी सहमत हुए हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के दौरान कहा, ‘हम भारत और इथियोपिया के संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक ले जा रहे हैं। यह कदम हमारे संबंधों को नयी ऊर्जा, नयी गति और नयी गहराई प्रदान करेगा।’ उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में सहयोग देने के लिए प्रधानमंत्री अली को धन्यवाद दिया। मोदी ने कहा, ‘आतंकवाद के खिलाफ इस संघर्ष में मित्र देशों का समर्थन अत्यंत महत्वपूर्ण है।’

दोनों देश विविधता में एकता के प्रतीक

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘आज हमें अर्थव्यवस्था, नवाचार, प्रौद्योगिकी, रक्षा, स्वास्थ्य और बहुपक्षीय सहयोग जैसे हमारे सहयोग के प्रमुख पहलुओं पर विचार-विमर्श करने का अवसर मिला। मुझे खुशी है कि आज हमने भारत में इथियोपिया के छात्रों के लिए छात्रवृत्ति को दोगुना करने का निर्णय लिया है।’मोदी ने कहा कि भारत और इथियोपिया के बीच हजारों वर्षों से संपर्क, संवाद और आदान-प्रदान होता रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि भाषा और परंपराओं से समृद्ध ये दोनों देश विविधता में एकता के प्रतीक हैं।

हम ‘ग्लोबल साउथ’ के सहयात्री और साझेदार हैं-पीएम मोदी

मोदी ने कहा, ‘दोनों देश लोकतांत्रिक शक्तियां हैं जो शांति और मानवता के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम ‘ग्लोबल साउथ’ के सहयात्री और साझेदार हैं। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हम कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे हैं।’ प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हालांकि यह उनकी पहली यात्रा है, फिर भी उन्हें अपनेपन और आत्मीयता का गहरा अहसास हुआ, जो दोनों देशों के बीच हजारों वर्षों के संबंधों को दर्शाता है।

‘द ग्रेट ऑनर निशां ऑफ इथियोपिया’ से नवाजे गए पीएम मोदी

अली ने इथियोपिया के सर्वोच्च सम्मान ‘द ग्रेट ऑनर निशां ऑफ इथियोपिया’ से पीएम मोदी को सम्मानित किया। प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान मंगलवार को अदीस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में आयोजित एक विशेष समारोह में प्रदान किया गया। विदेश मंत्रालय ने नयी दिल्ली में जारी एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को भारत-इथियोपिया साझेदारी को मजबूत करने में उनके असाधारण योगदान और वैश्विक राजनेता के रूप में उनके दूरदर्शी नेतृत्व के लिए यह सर्वोच्च सम्मान दिया गया है। प्रधानमंत्री मोदी यह सम्मान प्राप्त करने वाले पहले वैश्विक राष्ट्राध्यक्ष/सरकार प्रमुख हैं।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article