दुनिया

Covid 19: चीन में कोविड का होगा 'ट्रिपल वार', सर्दियों में 3 बार तोड़ेंगी लहरें- एक्सपर्ट्स

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Dec 21, 2022, 03:30 PM IST

Covid 19 outbreak in China: चाइनीज सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन में महामारी के चीफ वू जूनयू ने कहा, 'मौजूदा कोरोना महामारी इस सर्दी में अपने चरम पर पहुंचेगी। तीन महीनों में इसकी तीन लहर आएगी।' पोस्ट ने चीन के सरकारी मीडिया में वू के बयानों का हवाला दिया है।

Image

चीन में तेजी से फैल रहा कोरोना संक्रमण।

KEY HIGHLIGHTS
  • चीन एक बार फिर कोरोना महामारी की गिरफ्त में है, बड़ी संख्या में लोग संक्रमित हुए हैं
  • रिपोर्टों में कहा गया है कि अस्पतालों में कोरोना संक्रमित मरीजों को बेड नहीं मिल पा रहे हैं
  • महामारी के विशेषज्ञों का कहना है कि सर्दी के मौसम में कोरोना की लहरें तीन बार आएंगी

Covid 19 outbreak in China: चीन में कोरोना का खतरा एक बार फिर बढ़ गया है। अस्पतालों में बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित मरीज पहुंच रहे हैं। रिपोर्टों में संक्रमण से बड़ी संख्या में लोगों की मौत होने का दावा किया गया है। इन सबके बीच चीन के स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कोरोना के मौजूदा संक्रमण पर गंभीर चिता जताई है। विशेषज्ञों का कहना है कि सर्दी के तीन महीनों में चीन में कोरोना की तीन लहरें आएंगी। द हांगकांग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक यह जाहिर है कि सरकारी तंत्र महामारी से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार नहीं है क्योंकि देश भर में लोगों के प्रदर्शनों को देखते हुए उसने अचानक से जीरो कोविड पॉलिसी खत्म कर दी।

मौतों की संख्या पर चीन के अधिकारी चुप हैं

रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि कोरोना संक्रमण से होने वाली मौतों की संख्या पर चीन के अधिकारी चुप हैं। चीन में इस महीने की शुरुआत में कोरोना के सख्त प्रतिबंधों को हटा लिया गया। प्रतिबंधों के हटने के बाद संक्रमण की संख्या में तेजी आई है। इसे देखने के बाद चीन के अधिकारियों ने आने वाले महीनों में महामारी की लहरों को लेकर सरकार को आगाह किया है।

सर्दी में अपने चरम पर पहुंचेगी महामारी

चाइनीज सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन में महामारी के चीफ वू जूनयू ने कहा, 'मौजूदा कोरोना महामारी इस सर्दी में अपने चरम पर पहुंचेगी। तीन महीनों में इसकी तीन लहर आएगी।' पोस्ट ने चीन के सरकारी मीडिया में वू के बयानों का हवाला दिया है। वू ने बीजिंग में एक संवाददाता सम्मेलन में कोरोना संक्रमण के बारे में ये बातें कहीं। वू ने बताया, 'कोरोना की पहली लहर जो कि अब से जनवरी के मध्य तक रहेगी। दूसरी लहर इसके ठीक बाद आ सकती है। यह दूसरी लहर देश भर में लाखों लोगों को अपनी चपेट में लेगी। जबकि तीसरी लहर फरवरी के अंत से मार्च के मध्य तक आएगी।'

अस्पतालों में बेड्स की कमी

रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि कोरोना के ताजा संक्रमण से निपटने के लिए चीन के अस्पताल पूरी तरह से तैयार नहीं हैं। अस्पतालों में बेड्स कम और स्वास्थ्यकर्मी बीमार पड़ रहे हैं। दवा की दुकानों के बाहर लोगों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं और दुकानों में दवाओं की कमी हो गई है।

24 घंटे में संक्रमण के 16,555 नए मामले

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के आंकड़ों पर गौर करें तो चीन में बीते 24 घंटे में संक्रमण के 16,555 नए मामले आए हैं। 2019 के बाद इस महामारी से अब तक एक करोड़ से ज्यादा लोग संक्रमित हुए हैं और करीब 31 हजार लोगों की मौत हुई है। चीन में करीब साढ़े तीन अरब कोरोना की डोज लगाई जा चुकी है। यह तो आधिकारिक आंकड़ा है लेकिन कोरोना एवं उसके आंकड़ों को लेकर चीन रवैया जिस तरीके का रहा है, उससे कोरोना की वास्तविक स्थिति का पता लगा पाना मुश्किल है।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article