King Charles: ब्रिटेन के नए राजा किंग चार्ल्स पर एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान अंडा फेंका गया है। इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी कैमिला भी थीं। हालांकि इस हमले में दोनों को किसी प्रकार की चोट नहीं लगी है।
किंग चार्ल्स उत्तरी इंग्लैंड के दौरे पर थे, जब एक 23 वर्षीय युवक ने उन्हें अपना शिकार बनाया। इस मामले में युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के समय चार्ल्स और उनकी पत्नी का लोग पारंपरिक रूप से स्वागत कर रहे थे। चार्ल्स यहां अपनी मां और ब्रिटेन की पूर्व महारानी क्वीन एलिजाबेथ की एक प्रतिमा का अनावरण करने के लिए पहुंचे थे।
इस घटना के फोटो और वीडियो दोनों सामने आए हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार अंडे फेंकने वाला युवक चिल्लाते हुए कह रहा था कि यह देश गुलामों के खून से बना है। वहीं वहां मौजूद लोग किंग चार्ल्स के समर्थन में नारे लगाते दिख रहे हैं। हालांकि इस घटना से किंग चार्ल्स और उनकी पत्नी पर कोई असर नहीं पड़ा और वो आगे बढ़ते रहे।
नॉर्थ यॉर्कशायर पुलिस ने कहा कि एक 23 वर्षीय व्यक्ति को सार्वजनिक व्यवस्था के उल्लंघन के संदेह में गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
बता दें कि क्वीन एलिजाबेथ की सितंबर में मृत्यु के बाद चार्ल्स ब्रिटेन के राजा बने हैं। राजा बनने के बाद से वो अपनी आदतों को लेकर विवादो में भी हैं। चाहे वो टेडी बियर के साथ सोने वाली बात हो या फिर जूते के फीते पर प्रेस करवाने वाली। चार्ल्स की कुछ आदतें लगातार सुर्खियां बटोर रही हैं।
