दुनिया

'आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई के लिए हम प्रतिबद्ध…', माली में हुए आतंकी हमले की भारत ने की कड़ी निंदा

Mali Terror Attack 2026: माली में 25-26 अप्रैल को हुए बड़े आतंकवादी हमलों में रक्षा मंत्री समेत कई लोगों की मौत हो गई। राजधानी बामाको सहित कई शहरों में हमले किए गए।

Image

माली में हुए आतंकवादी हमले की भारत ने की कड़ी निंदा

Photo : PTI

Mali Terror Attack 2026: भारत ने माली में हाल ही में हुए आतंकवादी हमलों की कड़ी निंदा की है और पीड़ितों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने अपने बयान में कहा कि भारत इस कठिन समय में माली की सरकार और वहां के लोगों के साथ खड़ा है। साथ ही, भारत ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी मजबूत प्रतिबद्धता दोहराई और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के प्रयासों का समर्थन करने की बात कही। यह हमला 25-26 अप्रैल 2026 को हुआ, जिसे माली के पिछले कई सालों के सबसे बड़े और संगठित हमलों में से एक माना जा रहा है।

हमलावरों ने राजधानी बामाको के पास काटी सैन्य अड्डे को बनाया निशाना

राजधानी बामाको (bamako attack news) समेत कई बड़े शहरों में एक साथ हमले किए गए। इन हमलों ने पूरे देश को हिला कर रख दिया है। हमलावरों ने राजधानी बामाको के पास स्थित काटी सैन्य अड्डे को निशाना बनाया। इसके अलावा बामाको एयरपोर्ट के आसपास भी धमाके हुए। देश के अन्य शहरों जैसे गाओ, किदाल, सेवारे और मोप्ती में भी हमलों की खबरें सामने आईं। हमलों में कार बम, विस्फोट और भारी गोलीबारी का इस्तेमाल किया गया। इन हमलों में माली के रक्षा मंत्री जनरल सादियो कामारा की मौत हो गई, जिससे देश को बड़ा झटका लगा है। बताया जा रहा है कि उनके परिवार के कुछ सदस्य भी इस हमले में मारे गए। इसके अलावा कई सैनिक और आम नागरिक घायल हुए हैं।

अल-कायदा से जुड़े आतंकी संगठन ने ली जिम्मेदारी

कुछ इलाकों में हमले के बाद भी लंबे समय तक संघर्ष चलता रहा। हमले की जिम्मेदारी अल-कायदा से जुड़े आतंकी संगठन जमात नुसरत अल-इस्लाम वाल-मुस्लिमीन (JNIM) ने ली है। इसके साथ ही तुआरेग अलगाववादी समूह अज़ावाद लिबरेशन फ्रंट के भी इसमें शामिल होने की बात सामने आई है। कुल मिलाकर अगर कहा जाए तो इस घटना ने एक बार फिर आतंकवाद के खतरे को उजागर कर दिया है। भारत सहित कई देश इस तरह की घटनाओं के खिलाफ एकजुट होकर शांति और सुरक्षा बनाए रखने की अपील कर रहे हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article