LIVE

कमला हैरिस ने किया भारत का जिक्र, जो बिडेन बोले- विभाजन नहीं, एकजुटता के लिए काम करेंगे

Joe Biden address to nation: अमेरिका के राष्‍ट्रपति निर्वाचित होने के बाद जो बिडेन ने राष्‍ट्र को संबोधित किया। इस दौरान उन्‍होंने एकजुटता व आपसी भाईचारे पर जोर दिया। वह अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति होंगे।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Nov 8, 2020, 08:10 IST
Follow on Google News
कमला हैरिस ने किया भारत का जिक्र, जो बिडेन बोले- विभाजन नहीं, एकजुटता के लिए काम करेंगे
Photo Credit: AP

Joe Biden address to nation: अमेरिका में डोनाल्‍ड ट्रंप से कड़े मुकाबले के बीच राष्‍ट्रपति चुनाव जीतने वाले जो बिडेन ने देश की जनता को संबोधित किया। उन्‍होंने कोरोना वायरस संक्रमण पर नियंत्रण को अपनी प्राथमिकताओं में गिनाया तो अर्थव्‍यवस्‍था को मजबूत बनाने की बात भी कही। साथ ही उन्‍होंने अमेरिकी समाज में व्‍याप्‍त नस्‍लीय भेदभाव को दूर करने और आपसी एकजुटता व भाईचारे पर जोर दिया। 

NOV 08, 2020 08:03 IST

अंत में एकजुटता पर जोर

जो बिडेन ने अपने संबोधन का अंत आशावाद के साथ किया। उन्‍होंने कहा, 'हम ऐसा राष्ट्र बनें, जो हमें लगता है कि हम हो सकते हें। एक एकजुट राष्ट्र, एक मजबूत राष्ट्र और एक आपसी भाईचारे वाला राष्‍ट्र। ऐसा कुछ भी नहीं है, जिसकी कोशिश हमने की और हम उसे करने में कामयाब नहीं हुए। आपस में भरोसे का संचार करो। आप सभी को प्यार, अमेरिका को आशीर्वाद मिले।'

NOV 08, 2020 07:48 IST

'प्राथमिकताओं में होगा कोरोना पर काबू'

जो बिडेन ने अपने संबोधन के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण पर नियंत्रण को लेकर भी बात की और कहा कि यह उनकी प्राथमिकताओं में होगा। उन्‍होंने कहा कि जब तक इस पर काबू नहीं पाया जाता, हम अपनी अर्थव्‍यवस्‍था को दुरुस्‍त नहीं कर सकते। यहां तक कि बच्‍चों को गले लगाने, उनके जन्‍मदिन,  शाद और ग्रेजुएशन जैसी अनमोल क्षणों के सेलिब्रेशन से भी दूर रहेंगे। इस संघर्ष से लड़ने के लिए हमें विज्ञान को मजबूत बनाने की जरूरत है।
 

NOV 08, 2020 07:41 IST

कमला हैरिस ने किया भारत का जिक्र

अमेरिका में उपराष्‍ट्रपति चुनी गईं कमला हैरिस का संबोधन पहले शुरू हुआ, जिसमें उन्‍होंने भारत का जिक्र क‍िया, जहां से उनकी मां ताल्‍लुक रखती थीं। अपने संबोधन के दौरान कमला हैरिस ने महिला अधिकारों की बात की और कहा कि वह भले अमेरिका की पहली महिला उपराष्‍ट्रपति हैं, लेकिन वह आखिरी नहीं होंगी।

NOV 08, 2020 07:37 IST

'मैं आपकी निराशा समझ सकता हूं'

ट्रंप समर्थकों से बिडेन ने कहा, 'मैं आज रात आपकी निराशा समझ सकता हूं, पर अब हमें एक दूसरे को अवसर देने की जरूरत है।' उन्‍होंने यह भी कहा कि वि‍रोधी 'हमारे शत्रु नहीं हैं, बल्कि वे भी अमेरिकन हैं।' बाइबिल को उद्धृत करते हुए उन्‍होंने कहा कि यह समय बीती बातों को भूलकर अब आगे बढ़ने का है।

NOV 08, 2020 07:25 IST

'विभाजन के लिए नहीं, एकजुटता के लिए काम करेंगे'

अमेरिकी जनता को संबोधित करते हुए जो बिडेन ने एकजुटता पर जो दिया और कहा कि वह ऐसे राष्‍ट्रपति होंगे, जो विभाजन नहीं, एकजुटता के लिए काम करेंगे, अमेरिकी राज्‍यों को लाल या नीले रंग के राज्‍यों के तौर पर नहीं, बल्कि अमेरिका के तौर पर देखेंगे। उन्‍होंने जोर देकर कहा कि उनका प्रशासन अमेरिका को दुनिया सम्‍मान दिलाने का काम करेगा।

NOV 08, 2020 07:21 IST

अमेरिकी जनता को जो बिडेन का संबोधन

अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए जो बिडेन ने कहा कि अमेरिका की जनता ने अपना फैसला दे दिया है। उन्‍होंने स्‍पष्‍ट जीत दी है। 

NOV 08, 2020 06:33 IST

कुछ ही देर में बिडेन का संबोधन

अमेरिका में राष्‍ट्रपति चुनाव जीतने वाले जो बिडेन कुछ ही देर में राष्‍ट्र को संबोधित करेंगे। उनका संबोधन डेलावेयर के विलमिंगटन से होगा। उनके साथ कमला हैरिस भी होंगी। 

NOV 08, 2020 06:14 IST

अमेरिका के 46वें राष्‍ट्रपति होंगे जो बिडेन


अमेरिका में जो बिडेन ने राष्‍ट्रपति चुनाव जीत जीत लिया है। वह देश के 46वें राष्ट्रपति होंगे, जिसके लिए शपथ-ग्रहण समारोह 20 जनवरी, 2021 को होगा। बिडेन ने न केवल जार्जिया में जीत हासिल की, बल्कि पेंसिल्वेनिया में ट्रंप को पीछे छोड़ते हुए जीत दर्ज की।

NOV 08, 2020 06:14 IST

बिडेन ने अमेरिकी जनता को दिया धन्‍यवाद

राष्‍ट्रपति  चुनाव जीतने के बाद जो बिडेन ने ट्वीट कर अमेरिकी जनता का आभार जताया। अमेरिकी मीडिया प्रतिष्‍ठानों द्वारा बिडेन को राष्‍ट्रपति चुनाव में विजेता घोषित किए जाने के कुछ ही मिनटों बाद उन्‍होंने अपने ट्विटर प्रोफाइल पर 'राष्‍ट्रपति निर्वाचित' लिखा। उनकी वेबसाइट पर भी लिखा गया, सभी अमेरिकियों का निर्वाचित राष्‍ट्रपति।'

NOV 08, 2020 06:14 IST

बिडेन राष्‍ट्रपत‍ि, कमला हैरिस उपराष्‍ट्रपति निर्वाचित

जो बिडेन के साथ ही भारतवंशी कमला देवी हैरिस ने अमेरिका में उपराष्‍ट्रपति पद का चुनाव जीत लिया है। वह अमेरिका में इस पद के लिए निर्वाचित होने वाली पहली महिला हैं। साथ ही वह हैरिस देश की पहली भारतवंशी, अश्वेत और अफ्रीकी अमेरिकी उपराष्ट्रपति होंगी। बिडेन ने अगस्त में उपराष्ट्रपति पद के लिए हैरिस को चुना था।