दुनिया

ढाका-कराची के बीच हवाई सेवा बहाल, 14 साल बाद आज से उड़ान भरेगा 'बिमान बांग्लादेश'

बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस ने आज, गुरुवार शाम से ढाका और कराची के बीच अपनी सीधी उड़ानें फिर से शुरू कर देगा। एक दशक से भी अधिक समय के बाद बहाल हुई इस सेवा से बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच हवाई संपर्क सुगम हो गया है

Image

बिमान बांग्लादेश की पहली फ्लाइट आज रात भरेगी उड़ान (सांकेतिक तस्वीर)

Biman Bangladesh Airlines: बांग्लादेश की राष्ट्रीय एयरलाइन 'बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस' ने गुरुवार से ढाका और पाकिस्तान के कराची शहर के बीच अपनी सीधी उड़ानें फिर से शुरू कर दी हैं। साल 2012 के बाद यह पहला मौका है जब दोनों देशों के बीच नॉन-स्टॉप हवाई संपर्क बहाल किया गया है। आज शाम 8:00 बजे (भारतीय समयानुसार 7:30 बजे) पहली उड़ान ढाका के हजरत शाहजलाल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से कराची के लिए रवाना होगी।

हफ्ते में दो दिन होंगी उड़ानें

शुरुआती चरण में यह सेवा सप्ताह में दो दिन, गुरुवार और शनिवार को उपलब्ध होगी। ढाका से कराची के लिए फ्लाइट रात 8:00 बजे उड़ान भरेगी और रात 11:00 बजे (स्थानीय समय) पहुंचेगी। कराची से ढाका से लौटने का समय रात 12:00 बजे है, जो सुबह 4:20 बजे ढाका पहुंचाएगी। अब सीधी उड़ान शुरू होने से यात्रियों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी। पहले यात्रियों को दुबई या दोहा होकर जाना पड़ता था, जिससे 12 से 22 घंटे का समय लगता था। अब यह सफर मात्र 3 घंटे में पूरा होगा और यात्रियों को लगभग 30,000 टका तक की बचत होगी।

कूटनीतिक रिश्तों में बढ़ती नजदीकी

ढाका-कराची रूट की फिर शुरुआत बांग्लादेश में 2024 में सत्ता परिवर्तन के बाद से ढाका और इस्लामाबाद के बीच सुधरते कूटनीतिक और व्यापारिक संबंधों का परिणाम माना जा रहा है। पिछले कई महीनों से दोनों देशों की नियामक एजेंसियां इस सेवा को बहाल करने के लिए बातचीत कर रही थीं। अगस्त 2025 में पाकिस्तानी विदेश मंत्री की ढाका यात्रा के दौरान इसके संकेत मिले थे।

2012 में उड़ी थी आखिरी फ्लाइट

ढाका-कराची रूट पर डायरेक्ट फ्लाइट सर्विस आखिरी बार 2012 में संचालित हुई थी। इस सेवा को दोबारा शुरू करने के लिए पाकिस्तानी नियामकों के साथ कई महीनों से बातचीत चल रही थी। अधिकारियों के अनुसार, पाकिस्तान नागरिक उड्डयन प्राधिकरण से औपचारिक मंजूरी मिलने के बाद ही यह निर्णय लिया गया। पिछले साल अगस्त में पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने अपनी ढाका यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच डायरेक्ट फ्लाइट सर्विस बहाल करने की योजना की घोषणा की थी।

Pooja Mehta
पूजा मेहताauthor

पूजा मेहता एक वरिष्ठ टेलीविज़न पत्रकार हैं, जिन्हें रिपोर्टिंग का लगभग 15 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने राजनीति, आतंकवाद, आंतरिक संघर्ष, रक्षा, पर्यावरण और अपराध पर व्यापक रिपोर्टिंग की है, विशेष रूप से पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों पर गहरा फोकस रखते हुए। संघर्षग्रस्त इलाकों से उनकी ज़मीनी रिपोर्टिंग और जटिल मुद्दों की गहन समझ उन्हें पैनी दृष्टि और विश्वसनीय विश्लेषण के लिए अलग पहचान दिलाती है। वह प्रमाणित Defence Correspondent हैं और अमेरिकी विदेश विभाग के प्रतिष्ठित International Visitor Leadership Program (IVLP) की एलुमनी भी हैं, जिससे विदेशी नीति, सुरक्षा और सामरिक मामलों में उनकी विशेषज्ञता और मजबूत हुई है।

और पढ़ें
End of Article