Benjamin Netanyahu : इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मंगलवार को कहा कि नोबेल शांति पुरस्कार के लिए उन्होंने ट्रंप को नामित किया है और इसके लिए उन्होंने चिट्ठी भी लिखी है। नेतन्याहू ने नोबेल कमेटी को लिखी गई अपनी इस चिट्ठी की प्रति ट्रंप को दिखाई। नेतन्याहू ने कहा कि 'मैं न केवल सभी इजरायलियों, बल्कि यहूदी लोगों और दुनियाभर में आपके नेतृत्व के असंख्य प्रशंसकों की ओर से प्रशंसा और सराहना व्यक्त करना चाहता हूं।'
नेतन्याहू ने कहा, 'मैं आपको, श्रीमान राष्ट्रपति, नोबेल पुरस्कार समिति को भेजा गया पत्र प्रस्तुत करना चाहता हूं। इसमें आपको शांति पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया है, जिसके आप हकदार हैं और आपको यह मिलना चाहिए।'
अमेरिका की यात्रा पर हैं नेतन्याहू
नेतन्याहू अमेरिका की यात्रा पर हैं, जो ट्रंप के जनवरी में व्हाइट हाउस लौटने के बाद उनकी तीसरी यात्रा है और ईरान संघर्ष समाप्त होने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ उनकी पहली बैठक है। वॉशिंगटन रवाना होने से पहले, इजरायली नेता ने कहा था कि ट्रंप प्रशासन के साथ उनकी बातचीत कतर में चल रही उन वार्ताओं को आगे बढ़ाने में मदद कर सकती है जो इजरायल और फिलिस्तीनी उग्रवादी समूह हमास के बीच हो रही हैं।

व्हाइट हाउस में रात्रिभोज के दौरान ट्रंप और नेतन्याहू।
रात्रिभोज से पहले संक्षिप्त प्रेस वार्ता की
नेतन्याहू ने ट्रंप के साथ ‘निजी रात्रिभोज’ से पहले एक संक्षिप्त प्रेस बातचीत के दौरान कहा, 'मुझे लगता है कि हमारी टीमें मिलकर चुनौतियों का सामना करने और अवसरों को भुनाने के लिए एक असाधारण संयोजन हैं। लेकिन राष्ट्रपति ने पहले ही कई महान अवसरों को पहचान लिया है। उन्होंने अब्राहम समझौतों को साकार किया। वह इस समय, एक देश में, एक क्षेत्र में, शांति की दिशा में प्रयास कर रहे हैं।'
लेविट ने नेतन्याहू और ट्रंप की बैठक के बारे में जानकारी दी
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने नेतन्याहू और ट्रंप की बैठक के बारे में जानकारी दी और कहा कि मध्य पूर्व क्षेत्र में 'कई महत्वपूर्ण मुद्दे' हैं जिन पर दोनों नेताओं के बीच चर्चा 'जाहिर तौर पर जारी' है।

व्हाइट हाउस में इजरायली पीएम के साथ डोनाल्ड ट्रंप।
ट्रंप बोले-भारत और पाकिस्तान की लड़ाई रोकी
इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हमने बहुत सी लड़ाइयां रोकी हैं, इनमें से बहुत बड़ी लड़ाई भारत और पाकिस्तान के बीच थी। हमने व्यापार के मुद्दे पर उसे रोका है। हम भारत और पाकिस्तान के साथ काम कर रहे हैं। हमने कहा था कि अगर आप लड़ने वाले हैं तो हम आपके साथ बिल्कुल भी काम नहीं करेंगे। वे शायद परमाणु हथियार के प्रयोग की स्थिति में थे. इसे रोकना वाकई महत्वपूर्ण था।
