Janmashtami 2025: बांग्लादेश में हिंदुओं ने शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जन्माष्टमी का त्योहार मनाया। देश की सेना, नौसेना और वायु सेना के प्रमुख राजधानी ढाका में आयोजित मुख्य समारोह में शामिल हुए। पलाशी में ढोल-नगाड़ों के बीच जुलूस शुरू होने से पहले समुदाय के नेताओं ने सेना प्रमुख जनरल वकर-उज-जमान, नौसेना प्रमुख एडमिरल एम नजमुल हसन और वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल हसन महमूद खान का स्वागत किया। समारोह की शुरुआत गीत-संगीत और नृत्य के साथ हुई।
सेना प्रमुख ने क्या कुछ कहा?
सेना प्रमुख ने समुदाय के सदस्यों से कहा, “मैं आभारी हूं कि आपने हमें इस उत्सव में शामिल होने का मौका दिया। बांग्लादेश पर सभी धर्मों और समुदायों के लोगों का समान अधिकार है। सशस्त्र बल शांति, सुरक्षा और सद्भाव की रक्षा के लिए हमेशा नागरिकों के साथ खड़े रहेंगे।”
युनुस ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं
बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद युनुस ने शनिवार को जन्माष्टमी के अवसर पर देश के हिंदू समुदाय को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के उपदेश ‘‘आपसी सद्भाव व भाईचारे’’ को मजबूत करने तथा देश में वर्तमान व्यवस्था एवं सांप्रदायिक सौहार्द को बनाए रखने में मदद करेंगे। यूनुस की यह बधाई पिछले साल अगस्त में सत्ता में आने के बाद हिंदू समुदाय के सदस्यों और उनके अराधना स्थलों पर कथित हमलों की लगातार हुई घटनाओं को लेकर व्यापक चिंताओं के बीच आई है।
सरकारी बांग्लादेश संवाद संस्था (BSS) की खबर के अनुसार, यूनुस ने एक संदेश में कहा कि ‘‘सृष्टिकर्ता के प्रति समर्पण और समाज में शांति की स्थापना’’ पर केंद्रित भगवान कृष्ण के मूल्य सभी धर्मों के लोगों को प्रेरित करते रहते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं सभी से सतर्क रहने का आह्वान करता हूं ताकि कोई भी समाज में मौजूदा व्यवस्था, भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द को कमजोर न कर सके। मेरा मानना है कि भगवान श्रीकृष्ण के आदर्श और शिक्षाएं आपसी सद्भावना एवं भाईचारे के बंधन को और मजबूत करेंगी।’’
