बांग्लादेश चुनाव: विदाई से पहले मो. यूनुस ने डाला वोट, तारिक-शफीकुर ने भी किया मतदान, युवाओं में खासा जोश
- Edited by: आलोक कुमार राव
- Updated Feb 12, 2026, 12:22 PM IST
यूनुस सुबह 10 बजे के करीब वोट डालने पहुंचे। प्रधानमंत्री शेख हसीना का तख्तापलट होने के बाद बांग्लादेश की बागडोर यूनुस के हाथ में है। नई सरकार के गठन के बाद वह अपने पद से हट जाएंगे। पद से हटने से पहले यूनुस ने अमेरिका के साथ ट्रेड डील की है जिसकी आलोचना हो रही है। बांग्लादेश की संसद का यह 13वां चुनाव है।
13 फरवरी को घोषित हो सकते हैं बांग्लादेश चुनाव के नतीजे।
Bangladesh Elections 2026: बांग्लादेश में 300 संसदीय सीटों में से 299 पर मतदान जारी है। देश भर में भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान सुबह साढ़े सात बजे शुरू हुआ। वोटिंग शुरू होते ही मतदान केंद्रों पर बड़ी संख्या में लोगों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। लोगों में मतदान को लेकर उत्साह देखा गया है। खासकर, पहली बार मतदान करने वाले युवा काफी खुश हैं। यह चुनाव अगस्त 2024 में देशभर में हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद शेख हसीना के प्रधानमंत्री पद से हटने के बाद हो रहा है। अंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद यूनुस, बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) सुप्रीमो तारिक रहमान और जमात ए इस्लामी के शफीकुर रहमान ने भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
ढाका में मोहम्मद यूनुस डाला वोट
यूनुस सुबह 10 बजे के करीब वोट डालने पहुंचे। प्रधानमंत्री शेख हसीना का तख्तापलट होने के बाद बांग्लादेश की बागडोर यूनुस के हाथ में है। नई सरकार के गठन के बाद वह अपने पद से हट जाएंगे। पद से हटने से पहले यूनुस ने अमेरिका के साथ ट्रेड डील की है जिसकी आलोचना हो रही है। बांग्लादेश की संसद का यह 13वां चुनाव है। शेख हसीना का पार्टी आवामी लीग पर प्रतिबंध है, इसलिए वह चुनाव नहीं लड़ रही है। ऐसे में मुख्य मुकाबला बीएनपी और जमात-ए-इस्लामी के बीच है।
लोग इस दिन का इंतजार कर रहे थे-तारिक
ढाका के गुलशन-2 में स्थित गुलशन मॉडल हाई स्कूल में वोट डालने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए तारिक ने कहा, 'मैंने वोट डालने के अपने संवैधानिक अधिकार का इस्तेमाल किया है। बांग्लादेश के लोग इस दिन का बेसब्री से इतंजार कर रहे थे। चुनाव को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। मुझे उम्मीद है कि लोग बड़ी संख्या में मतदान करेंगे।'
...तो हम चुनाव परिणाम स्वीकार करेंगे-रहमान
ढाका के मोनीपुर हाई स्कूल में मतदान करने पहुंचे शफीकुर ने कहा, 'मतदान यदि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष तरीके से होता है तो हम चुनाव परिणाम को स्वीकार करेंगे। अन्य पार्टियों को भी लोगों के जनादेश का सम्मान करना चाहिए।' रहमान ने लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि जनता की इच्छाओं की सम्मान करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की बुनियाद है।
चुनाव के साथ-साथ जनमत संग्रह भी
बांग्लादेश में एक जटिल 84 सूत्री सुधार पैकेज पर जनमत संग्रह के साथ-साथ आम चुनाव हो रहे हैं। निर्वाचन आयोग ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं और लगभग 10 लाख सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की है जो देश के चुनावी इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी तैनाती है। कुल 50 राजनीतिक दलों के 1,755 उम्मीदवार और 273 निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। बीएनपी ने सबसे अधिक 291 उम्मीदवार उतारे हैं। चुनाव में 83 महिला उम्मीदवार हैं। यूनुस ने कहा है कि वह शीघ्र ही सत्ता निर्वाचित सरकार को सौंप देंगे। उन्होंने राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों और संबंधित पक्षों से मतदान के दिन संयम, सहिष्णुता और लोकतांत्रिक व्यवहार बनाए रखने की अपील की है।
बांग्लादेश के चुनाव पर दुनिया भर की नजर
मतदान की पूर्व संध्या पर राष्ट्र के नाम संबोधन में मुख्य चुनाव आयुक्त ए एम एम नासिरुद्दीन ने मतदाताओं से निर्भय होकर मतदान करने की अपील की। उन्होंने राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों और मतदाताओं से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि 45 देशों और संगठनों के प्रतिनिधि चुनावों पर नजर रख रहे हैं, जिनमें चुनाव प्रबंधन निकाय और अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं शामिल हैं। सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस ने चुनाव आयुक्त अब्दुर आर मछुद के हवाले से बताया कि चुनाव के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए करीब नौ लाख सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रशासन ने राजधानी के प्रमुख इलाकों में बख्तरबंद वाहन (एपीसी) और त्वरित कार्यबल (आरएटी) तैनात किए हैं।
1,614 को मतदान केंद्र संवेदनशील
पुलिस के अनुसार, ढाका के 2,131 मतदान केंद्रों में से 1,614 को संवेदनशील बताया गया है। हालांकि सेना ने ढाका शहर में दो मतदान केंद्रों को ’जोखिमपूर्ण’ बताया है। पहली बार चुनाव में सुरक्षा के लिए ड्रोन और ’बॉडी-वॉर्न कैमरों’ (कपड़ों पर लग सकने वाले कैमरे) का उपयोग किया जा रहा है। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, करीब 12.7 करोड़ मतदाताओं में से 3.58 प्रतिशत मतदाता पहली बार मतदान करने वाले हैं। पहली बार करीब आठ लाख पंजीकृत प्रवासी बांग्लादेशी आईटी आधारित डाक मतपत्र प्रणाली के माध्यम से मतदान कर सकेंगे।
