दुनिया

बांग्लादेश चुनाव में मतगणना जारी, शुरुआती नतीजों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी बहुमत के काफी करीब

Bangladesh Election Results 2026: बांग्लादेश में आम चुनाव के बाद वोटों की गिनती जारी है। शुरुआती नतीजे के मुताबिक बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) बहुमत के काफी करीब है।

Bangladesh Election Results 2026

बांग्लादेश चुनाव में मतगणना जारी (फोटो: AP)

Bangladesh Election Results 2026: बांग्लादेश में गुरुवार को हुए आम चुनाव के बाद वोटों की गिनती जारी है। शुरुआती नतीजे के मुताबिक बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) बहुमत के काफी करीब है।। नयी सरकार अंतरिम प्रशासन की जगह लेगी, जिसने अगस्त 2024 में अवामी लीग शासन के सत्ता से बेदखल होने के बाद कार्यभार संभाला था। बांग्लादेश में जटिल 84 सूत्री सुधार पैकेज पर जनमत संग्रह के साथ-साथ 13वां आम चुनाव कराया गया है। सुधार पैकेज को 'जुलाई राष्ट्रीय घोषणापत्र' के नाम से भी जाना जाता है।

देश भर में 300 में से 299 संसदीय सीट पर मतदान सुबह साढ़े सात बजे (स्थानीय समयानुसार) शुरू हुआ और शाम साढ़े चार बजे तक जारी रहा। हालांकि, जिन जगहों पर मतदाता मतदान केंद्र के अंदर थे, वहां उनके मतदान करने तक मतदान जारी रहा।

पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की अब भंग हो चुकी अवामी लीग की गैरमौजूदगी में मुख्य मुकाबला बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) और उसकी पूर्व सहयोगी जमात-ए-इस्लामी के बीच है। बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने शेख हसीना की अवामी लीग को पिछले साल भंग कर दिया था और पार्टी के चुनाव लड़ने पर रोक लगा दी थी।

ग्यारह दलों के गठबंधन का नेतृत्व कर रही जमात ने हिंसा और अनियमितताओं की कुछ छिटपुट घटनाओं का आरोप लगाने के बावजूद, मतदान को 'शानदार' बताया और उम्मीद जताई कि वह 'भारी जीत' हासिल करेगी।

उनकी पार्टी की जीत 'अपरिहार्य और स्पष्ट'

बीएनपी चुनाव संचालन समिति के प्रवक्ता महदी अमीन ने कहा कि उनकी पार्टी की जीत 'अपरिहार्य और स्पष्ट' है। उन्होंने कहा, 'मैं राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों से अंतिम परिणाम घोषित होने के बाद भी लोकतांत्रिक गरिमा, सहिष्णुता और आपसी सम्मान बनाए रखने का आह्वान करता हूं। मतभेद रहेंगे, लेकिन राष्ट्रीय हित में हमें एकजुट रहना चाहिए।' उन्होंने कहा, 'हम एक जवाबदेह, समावेशी और न्याय-आधारित राष्ट्र के निर्माण की दिशा में सामूहिक रूप से आगे बढ़ेंगे। आइए लोकतंत्र को मजबूत करने की इस यात्रा में मिलकर काम करें।' यूनुस ने चुनाव और जनमत संग्रह को 'नया बांग्लादेश' बनाने का एक ऐतिहासिक अवसर बताया।

बीएनपी और जमात दोनों के शीर्ष नेताओं ने हेरफेर की आशंका जताई थी

इससे पहले, बीएनपी और जमात दोनों के शीर्ष नेताओं ने हेरफेर की आशंका जताई थी और कहा था कि अगर चुनाव 'स्वतंत्र, एवं निष्पक्ष तरीके से' होते हैं तो वे चुनाव के नतीजों को स्वीकार करेंगे।बीएनपी के अध्यक्ष तारिक रहमान ने ढाका के रिहायशी गुलशन इलाके में स्थित गुलशन मॉडल स्कूल एवं कॉलेज में बने मतदान केंद्र में अपना वोट डाला।रहमान ने भरोसा जताया कि उनकी पार्टी 15 वर्षों के राजनीतिक सूखे के बाद सत्ता हासिल करेगी, लेकिन उन्होंने परिणाम समय पर जारी करने की मांग की।

'हम ऐसे नतीजे चाहते हैं जो निष्पक्ष प्रक्रिया के जरिए आएं'

उन्होंने कहा अगर चुनाव 'स्वतंत्र, निष्पक्ष, तटस्थ तरीके से और बिना किसी विवाद के' होते हैं तो बीएनपी परिणामों को स्वीकार करेगी।बीएनपी की पूर्व सहयोगी और अब मुख्य प्रतिद्वंद्वी जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख शफीकुर रहमान ने मोनीपुर उच्च विद्यालय एवं कॉलेज में अपना वोट डाला।मतदान केंद्र से बाहर निकलते हुए शफीकुर ने कहा कि अगर चुनाव निष्पक्ष तरीके से हुए तो उनकी पार्टी नतीजों को स्वीकार करेगी।

उन्होंने कहा, 'हम ऐसे नतीजे चाहते हैं जो निष्पक्ष प्रक्रिया के जरिए आएं। अगर मतदान स्वतंत्र और निष्पक्ष होगा तो हम नतीजे को स्वीकार करेंगे। दूसरों को भी इसे स्वीकार करना चाहिए। यही लोकतंत्र की खूबसूरती है। हम यही चाहते हैं।'

'देश के विभिन्न हिस्सों में फर्जी वोट डालने का प्रयास किया गया'

उन्होंने आरोप लगाया कि देश के विभिन्न हिस्सों में फर्जी वोट डालने का प्रयास किया गया और कई स्थानों पर उनके पोलिंग एजेंटों पर हमला किया गया।बीएनपी और जमात दोनों ने अपने पार्टी कार्यकर्ताओं से नतीजे आने तक मतदान केंद्रों पर रहने को कहा है।निर्वाचन आयोग ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए और लगभग 10 लाख सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया, जो देश के चुनावी इतिहास में सुरक्षाकर्मियों की अब तक की सबसे बड़ी संख्या है।मतदान के दौरान हिंसा रोकने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए कानून लागू करने वाली एजेंसियों के लगभग 9,00,000 कर्मियों को तैनात किया गया। प्रशासन ने राजधानी के प्रमुख इलाकों में बख्तरबंद वाहन और त्वरित कार्यबल तैनात किए। पहली बार, चुनाव सुरक्षा के लिए ड्रोन का भी इस्तेमाल किया गया।

1,755 उम्मीदवार और 273 निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव मैदान में

देश भर में 299 निर्वाचन क्षेत्रों में 42,779 मतदान केंद्रों पर लगभग 12.7 करोड़ मतदाता अपने मत डालने के लिए पंजीकृत थे। इनमें से 50 लाख पहली बार के मतदाता हैं।कुल 50 राजनीतिक दलों के कुल 1,755 उम्मीदवार और 273 निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। बीएनपी ने सबसे अधिक 291 उम्मीदवार उतारे हैं। चुनाव में 83 महिला उम्मीदवार हैं।दशकों में यह बांग्लादेश का पहला चुनाव है जिसमें कोई महिला नेता सुर्खियों में नहीं है। हसीना को चुनाव लड़ने से रोक दिया गया, और उनकी कट्टर प्रतिद्वंद्वी खालिदा जिया की लंबी बीमारी के बाद दिसंबर में मृत्यु हो गई। दोनों महिलाओं ने करीब चार दशकों तक देश की राजनीति पर दबदबा बनाए रखा।

हसीना की पार्टी ने चुनावों को 'एक सुनियोजित तमाशा' करार दिया

हसीना की पार्टी ने चुनावों को 'एक सुनियोजित तमाशा' करार दिया और "एक तटस्थ कार्यवाहक सरकार के तहत स्वतंत्र, निष्पक्ष और समावेशी चुनाव" की मांग की।कई जगहों से चुनावी हिंसा की खबरें आईं।'बीडीन्यूज24' की खबर के अनुसार, गोपालगंज में बम हमले में 13 वर्षीय लड़की सहित तीन लोग घायल हो गए।एक अन्य घटना में मुंशीगंज-3 निर्वाचन क्षेत्र के एक मतदान केंद्र के बाहर सिलसिलेवार बम विस्फोट हुए, जिससे मतदान अस्थायी रूप से बाधित हो गया।

इसके अलावा, खुलना में एक मतदान केंद्र के बाहर जमात-ए-इस्लामी कार्यकर्ताओं के साथ झड़प के दौरान एक बीएनपी नेता की मौत हो गई।

करीब 81 स्थानीय संगठनों के 55,454 पर्यवेक्षकों ने चुनाव की निगरानी की, जबकि विदेशी चुनाव पर्यवेक्षकों की संख्या 394 रही। अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षकों में से 80 विभिन्न अंतरराष्ट्रीय संगठनों की तरफ से हैं, जबकि बाकी अलग-अलग देशों से हैं, जिनमें स्वतंत्र यूरोपीय पर्यवेक्षक भी शामिल हैं।

रवि वैश्य
रवि वैश्य author

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों... और देखें

End of Article