दुनिया

गाजा में इजरायल के हमलों में कम से कम 57 की मौत, सीजफायर के प्रस्ताव पर हमास अभी चुप

नासिर अस्पताल के अनुसार दक्षिणी गाजा में इजराइली गोलीबारी में कम से कम 29 लोग मारे गए। वहां के अधिकारियों ने बताया कि उनमें से 14 लोग उस स्थान पर मारे गए जिसे इजराइली सैन्य गलियारे के तौर पर जाना जाता है और जहां लोगों को जरूरत का सामान दिया जाता है।

Image

गाजा पर इजरायल के हमले जारी हैं। तस्वीर-AP

Photo : AP

Israel attack on Gaza: गाजा पट्टी में इजरायली हमलों और गोलीबारी में कम से कम 57 फलस्तीनी मारे गए। इजरायल ने यह हमला ऐसे वक्त किया है जब हमास ने लगभग दो साल से जारी युद्ध को समाप्त कराने के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रस्ताव पर फिलहाल कोई निर्णय नहीं लिया है। ट्रंप ने जो योजना पेश की है उसके तहत हमास को सभी 48 बंधकों को वापस करना होगा और सैकड़ों फलस्तीनी कैदियों की रिहाई और लड़ाई समाप्त करने के बदले में सत्ता छोड़नी होगी और निरस्त्रीकरण करना होगा।

नेतन्याहू ने स्वीकार किया है सीजफायर प्रस्ताव

ट्रंप के इस प्रस्ताव को इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने स्वीकार कर लिया है लेकिन इस प्रस्ताव में फलस्तीन को देश के तौर पर मान्यता देने के बारे में कोई बात नहीं कही गई है। फलस्तीन के लोग चाहते हैं कि युद्ध समाप्त हो जाए लेकिन कई लोगों का मानना है कि ट्रंप की शांति योजना इजरायल के पक्ष वाली हैं। हमास के एक अधिकारी ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ से कहा प्रस्ताव की कुछ शर्ते अस्वीकार्य हैं, हालांकि उन्होंने उन शर्तों में बारे में विस्तार से कोई जानकारी नहीं दी। दो प्रमुख मध्यस्थ देशों कतर और मिस्र ने भी कहा कि कुछ मुद्दों पर और बातचीत की आवश्यकता है।

दक्षिणी गाजा में इजरायली गोलीबारी

नासिर अस्पताल के अनुसार दक्षिणी गाजा में इजरायली गोलीबारी में कम से कम 29 लोग मारे गए। वहां के अधिकारियों ने बताया कि उनमें से 14 लोग उस स्थान पर मारे गए जिसे इजरायली सैन्य गलियारे के तौर पर जाना जाता है और जहां लोगों को जरूरत का सामान दिया जाता है। मध्य शहर दीर अल-बलाह के अल-अक्सा शहीद अस्पताल के अधिकारियों ने कहा कि इजरायली हमलों में 16 लोग मारे गए हैं जिनके शव अस्पताल लाए गए।

हमले में चिकित्सक की मौत

‘डॉक्टर्स विदाउट बॉर्डर्स’ ने कहा कि उनके एक व्यावसायिक चिकित्सक की दीर अल-बलाह में बस का इंतज़ार करते समय एक हमले में मौत हो गई और चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस अंतरराष्ट्रीय संस्था ने 42 वर्षीय चिकित्सक उमर हायेक को ‘अत्यंत दयालु और पेशेवर चिकित्सक’ करार दिया। गाजा सिटी में शिफा अस्पताल के स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि पांच शव और कई घायल अस्पताल लाए गए। अन्य अस्पतालों ने इजरायली गोलीबारी में सात और लोगों की मौत की सूचना दी है। वहीं इजरायली सेना ने इस पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article