कोरोना वायरस को मामूली समझने की भूल बनी घातक, कोविड-19 पार्टी में शामिल हुए युवक ने गंवाई जान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 13, 2020, 08:31 AM IST

Coronavirus cases in US: अमेरिका में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बावजूद यहां के युवाओं में इसे लेकर गंभीरता नहीं देखी जा रही है। यहां कोविड-19 पार्टी के आयोजन की लगातार रिपोर्ट्स आ रही हैं।

कोरोना वायरस को मामूली समझने की भूल बनी घातक, कोविड-19 पार्टी में शामिल हुए युवक ने गंवाई जान
Photo Credit: AP, File Image

न्‍यूयार्क : अमेरिका में कोविड-19 पार्टी में शामिल होना एक युवक के लिए मौत का सबब बन गया। यहां कोरोना वायरस से संक्रमित एक शख्‍स ने कोविड-19 पार्टी का आयोजन किया था, जिसमें शामिल हुए एक 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। दरअसल, उस शख्‍स ने कोरोना वायरस को बहुत हल्‍के में लिया था। उसे लगता था कि वह युवा है और इस बीमारी की चपेट में नहीं आएगा।

कोविड-19 पार्टी

यह घटना अमेरिका के टेक्‍सस राज्‍य की बताई जा रही है, जहां एक डॉक्‍टर ने इसका खुलासा किया। इससे पहले अमेरिका के अलबामा राज्‍य से भी ऐसी ही कोविड-19 पार्टी की रिपोर्ट सामने आई थी, जिसमें कॉलेजों के छात्रों ने यह देखने के लिए प्रयोगिता के तौर पर कोविड-19 की पार्टी का आयोजन किया था कि देखें किसे सबसे पहले कोरोना वायरस का संक्रमण होता है।

गंभीर नहीं युवा

अमेरिका की ये घटनाएं बताती हैं कि यहां किस तरह अब भी युवा कोरोना संक्रमण को लेकर गंभीरता नहीं बरत रहे हैं, जबकि यहां दुनियाभर में संक्रमण के सबसे अधिक 34.13 लाख से ज्‍यादा केस हैं और सबसे अधिक 1.37 लाख से ज्‍यादा मौतें भी हुई हैं। अमेरिकी युवाओं में इस प्रवृत्ति को लेकर यहां डॉक्‍टर्स भी हैरान हैं। सैन एंटोनियो में मेथोडिस्‍ट हॉस्‍पिटल की चीफ मेडिकल ऑफ‍िसर जेन एप्‍पलबी के अनुसार, युवाओं को खासकर लगता है कि वे बीमार नहीं हैं। लेकिन जब उनके ऑक्‍सीजन लेवेल की जांच की जाती है और उनका लैब टेस्‍ट होता है तो पता चलता है कि वे जैसे दिख रहे हैं, उससे कहीं अधिक बीमार हैं।

बाद में हुआ गलती का एहसास

उन्‍होंने यह भी बताया कि पार्टी में शामिल हुए युवक को बाद में अपनी गलती का एहसास हुआ और उसने अस्पताल में नर्स से कहा भी कि उसने गलती कर दी। इससे पहले उसे लगता था कि यह बीमारी एक हव्‍वा है और इसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है। उसे यह भी लगता था कि चूंकि वह युवा है इसलिए इस संक्रामक रोग की चपेट में नहीं आएगा। लेकिन यह सोच उसके लिए घातक साबित हुई। कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच डॉक्‍टर ने युवाओं से भी इस घातक बीमारी को गंभीरता से लेने की अपील की।

End of Article