Ukraine Russia News: रूसी सेना के काफिले से डरा नहीं यूक्रेनी, रोकने के लिए टैंक पर चढ़ गया, Video 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 2, 2022, 10:01 AM IST

Ukraine Russia News: यूक्रेन के शहरों में रूस की सेना धावा बोल रही है लेकिन कई जगहों पर उसे नागरिकों के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। एक जगह यूक्रेन का एक नागरिक रूस के एक टैंक पर चढ़ गया। यह वीडियो वायरल हुआ है।

Ukraine Russia News: रूसी सेना के काफिले से डरा नहीं यूक्रेनी, रोकने के लिए टैंक पर चढ़ गया, Video 

Ukraine Russia News : यूक्रेन पर रूसी हमले का आज (बुधवार) सांतवा दिन है। रूसी सेना यूक्रेन के शहरों पर बमबारी कर रही है और वह शहरों में दाखिल होने का प्रयास कर रही है। इस बीच रूसी हमले को लेकर यूक्रेन में लोगों में राय बंटी नजर आई है। यूक्रेन के लोग रूसी हमले का विरोध कर रहे हैं। सामने आए एक वीडियो में यूक्रेन के लोग रूसी सेना का विरोध करते नजर आए हैं। शहर में बढ़ रहे एक रूसी टैंक पर एक स्थानीय नागरिक चढ़ जाता है और उसे रोकने की कोशिश करता है। विरोध का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। 

विसेग्राड ने जारी किया वीडियो 
रूसी सेना के विरोध का एक वीडियो पोलैंड, हंगरी, चेक गणराज्य और स्लोवाकिया में काम करने वाले सांस्कृतिक एवं राजनीतिक समूह विसेग्राड ने एक वीडियो जारी किया है। बताया जाता है कि यह वीडियो उत्तरी यूक्रेन के बखमाक शहर का है। विसेग्राड ने अपने एक ट्वीट में कहा, 'चेरनिहिव इलाके में बाखमाक शहर से गुजरने वाले रूसी टैंकों का स्थानीय लोगों ने विरोध किया। टैंकों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए लोग उस पर चढ़ गए। यूक्रेन के लोगों की इस बहादुरी का कोई तुलना नहीं है।'

मंगलवार को खारकीव मे हुए भीषण हमले
मंगलवार को रूस ने यूक्रेन के शहरों पर भीषण हमले किए। खारकीव में गोलीबारी में एक भारतीय छात्र की मौत हो गई। खारकीव में ही एक सरकारी इमारत को निशाना बनाया गया। सैटेलाइट तस्वीरों के हवाले से कहा गया है कि रूसी के बख्तरबंद वाहनों एवं टैंकों का एक बड़ा काफिला कीव की तरफ बढ़ा है। जानकार मानते हैं कि राजधानी कीव पर नियंत्रण हासिल करने के लिए रूस बड़ा हमला कर सकता है। रूस ने भी नागरिकों से कीव छोड़ देने के लिए कहा है। कीव से करीब पांच लाख लोग विस्थापित हुए हैं।  

यूक्रेन में पाकिस्तानी छात्रों ने महसूस की तिरंगे की ताकत, बॉर्डर तक पहुंचाने में भारतीय छात्रों ने की मदद


दुनिया भर में हो रहा रूसी हमले का विरोध
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूस को आतंकवादी देश घोषित करने की मांग की है। दुनिया के ज्यादातर देशों ने यूक्रेन पर हमले का विरोध किया है। अमेरिका सहित पश्चिमी देशों ने रूस पर कई तरह के प्रतिबंध लगाए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने देश को संबोधित किया है। अपने इस संबोधन में उन्होंने कहा कि उनका देश रूस की सेना से नहीं लड़ेगी। अपने इस संबोधन में बाइडेन ने रूस की आलोचना की।   

End of Article