ऐसा होगा तालिबान का अफगानिस्तान, दीवार तक पर नहीं बर्दाश्त होगी महिलाओं की तस्वीर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 18, 2021, 04:48 PM IST

तालिबान के आने के बाद अफगानिस्तान में महिलाओं की क्या जगह होगी, इसकी तस्वीरें सामने आने लगी हैं। काबुल में कई ब्यूटी सैलून से महिलाओं की तस्वीरें हटाई गईं।

ऐसा होगा तालिबान का अफगानिस्तान, दीवार तक पर नहीं बर्दाश्त होगी महिलाओं की तस्वीर

नई दिल्ली: अफगानिस्तान में तालिबान की वापसी हो गई है। इससे लोगों में डर है, खासकर महिलाओं में बहुत ज्यादा खौफ है। तालिबान के आने से अफगान की महिलाएं बुरी तरह से असुरक्षित महसूस कर रही हैं। दरअसल, तालिबान के कानून महिलाओं के बहुत ज्यादा खिलाफ हैं। महिलाओं पर कई तरह के प्रतिबंध लगाए जाते हैं। उनका जीना मुश्किल हो जाता है। और अब तालिबान के वापस आने से वहां एक बार फिर महिलाओं के लिए मुश्किलें बढ़ने वाली हैं।

अफगानिस्तान से ऐसी तस्वीरें भी सामने आ रही हैं। हालात ये हैं कि काबुल में कई ब्यूटी सैलून के मालिक अपनी दुकान से महिलाओं की तस्वीरें हटा रहे हैं। 

अफगानिस्तान में तालिबान की सत्ता के खिलाफ विरोध शुरू हो गया है। अफगानिस्तान के अलग अलग शहरों से जो तस्वीरें सामने आ रही है उसमें लोग अफगानिस्तान के फ्लैग के साथ सड़कों पर उतर आए हैं। जो ये बता रहा है कि बंदूक के दम पर तालिबान ने भले ही सत्ता पर कब्जा कर लिया हो लेकिन तालिबान अफगानिस्तान के लोगों का दिल नहीं जीत पा रहा है। सत्ता पर कब्जे के दो दिन बाद ही अफगानिस्तान के अलग-अलग शहरों में विरोध शुरू हो गया है। कुछ जगहों पर लोगों का विरोध दबाने के लिए तालिबान के लड़ाके फायरिंग करते हुए भी दिखाई दिए हैं। अभी जो हालात हैं वो ये बता रहे हैं कि अफगानिस्तान गृहयुद्ध जैसे हालात की तरफ बढ़ रहा है।  

जनता की आवाज को दबाने के लिए तालिबान के लड़ाकों ने हथियार का सहारा लिया है। प्रदर्शन कर रहे लोगों को भगाने के लिए तालिबान के लड़ाकों ने फायरिंग तक कर दी। तालिबान के आतंकी महिलाओं को भी नहीं बख्श रहे हैं। बीच सड़क पर तालिबान के कुछ आतंकियों ने एक महिला पर अत्याचार किया। एक सब्जी वाले पर भी तालिबानियों ने रहम नहीं खाया और उसे बीच बाजार में सबके सामने पीटा। 

End of Article