वाशिंगटन: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को व्हाइट हाउस में अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस से मुलाकात की और भारत व अमेरिका को प्राकृतिक साझेदार करार दिया। इस दौरान दोनों देशों यानि भारत और अमेरिका ने माना है कि इस समय दुनिया में लोकतंत्र खतरे हैं और दोनों देशों ने मिलकर इसकी रक्षा करने के लिए सहमति जताई है। मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वास जताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के नेतृत्व में द्विपक्षीय संबंध नयी ऊचांइयों पर पहुंचेंगे।
अमेरिकी उपराष्ट्रपति बोलीं- पाकिस्तान में मौजूद हैं आतंकी समूह
इस दौरान आतंकवाद का मुद्दा भी उठा। प्रधानमंत्री ने बताया कि किस तरह से सीमापार से आतंकवाद भारत की सुरक्षा के लिए खतरा है। उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने भी भारत की चिंताओं से सहमति जताई है। कमला हैरिस ने कहा कि पाकिस्तान में आतंकवादी समूह सक्रिय हैं जिस पर पाकिस्तान को एक्शन लेना चाहिए। इस दौरान कमला हैरिस ने माना कि भारत सीमापार आतंकवाद का दशकों से शिकार रहा है। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भी लोकतंत्र के रूप में भारत और अमेरिका को एक दूसरे का नैचुरल पार्टनर बताया साथ ही कोविड के संकट के समय भारत की मदद करने के लिए धन्यवाद दिया।
हैरिस ने भारत को बेहद अहम भागीदार बताया
अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने कोविड के खिला भारत के वैक्सीनेशन की तारीफ की साथ ही जलवायु संकट से लड़ने में भारत की भूमिका की भी सराहना की। प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर कमला हैरिस को भारत आने का न्योता भी दिया। हैरिस ने भारत को अमेरिका का 'बेहद अहम भागीदार' करार दिया। साथ ही नयी दिल्ली की उस घोषणा का स्वागत किया जिसमें भारत ने जल्द ही कोविड-19 टीके का निर्यात फिर से शुरू करने की बात कही है।

