भारतीयों से नफरत करती हूं- अमेरिका में हिन्दुस्तानियों को धमकाया, महिलाओं के साथ मारपीट

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 26, 2022, 11:47 AM IST

टेक्सास में चार भारतीय महिलाओं के साथ एक मैक्सिन अमेरिकी महिला ने इस वारदात को अंजाम दिया है। महिला को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।

भारतीयों से नफरत करती हूं- अमेरिका में हिन्दुस्तानियों को धमकाया, महिलाओं के साथ मारपीट
Photo Credit: Twitter

अमेरिका के टेक्सास में चार भारतीय महिलाओं के साथ नस्लभेद की घटना सामने आई है। पहले इन महिलाओं को अपशब्द कहे गए, फिर उन्हें धमकी दी गई और इसके बाद मारपीट भी की गई है। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में टेक्सास के प्लानो में सिक्सटी वाइन रेस्तरां के बाहर भारतीय महिलाओं के साथ बदसलूकी करते हुए आरोपी महिला को देखा जा सकता है। इस वीडियो में एक महिला को रेस्तरां की पार्किंग में भारतीय महिलाओं के एक समूह पर नस्लवादी टिप्पणी करते हुए दिखाया गया है।

साढ़े पांच मिनट के वीडियो में आरोपी महिला एक भारतीय के चेहरे पर हमला भी करती दिख रही है। इस दौरान वो गोली मारने की धमकी भी देती है। आरोपी महिला की पहचान एस्मेराल्डा अप्टन के तौर पर हुई है। वीडियो में एस्मेराल्डा अप्टन कहती दिख रही है- "मैं भारतीयों से नफरत करती हूं। ये सभी भारतीय अमेरिका इसलिए आते हैं क्योंकि वे एक बेहतर जिंदगी चाहते हैं। तुम भारतीय हर जगह हो।" 

आरोपी महिला यह भी कहती है कि भारतीय अमेरिका को बर्बाद कर रहे हैं इसलिए वो वापस अपने देश जाएं। इसपर पलटकर भारतीय महिलाएं भी कहतीं हैं कि वो मैक्सिकन है तो मेक्सिको जाए।

वीडियो अब वायरल हो गया है। जिसके बाद इस घटना को लेकर हर जगह आलोचना हो रही है। इस घटना के सामने आते ही स्थानीय पुलिस एक्टिव हो गई और महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

प्लानो पुलिस ने बताया कि गुरुवार दोपहर को एस्मेराल्डा अप्टन को गिरफ्तार कर लिया गया था। उस पर मारपीट, शारीरिक चोट और आतंकवादी धमकी का आरोप लगाया गया है। दक्षिण एशियाई अमेरिकी समुदाय से संबंध रखने वाले उत्तरी टेक्सास के संगठनों ने इस हमले की निंदा की है। 

End of Article