हम सब जानते हैं कि दिलवालों की दिल्ली भारत की राजधानी और उसका एक प्रमुख शहर है, जहां देश के लगभग हर राज्य से लोग आकर रहते हैं। इसी कारण यहां अलग-अलग राज्यों की परंपराओं और संस्कृतियों की झलक एक साथ दिखाई देती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत के बाहर भी एक “दिल्ली” है?
हमारे देश से मीलों दूर विदेश में स्थित इस दिल्ली की जनसंख्या, भारत की राजधानी दिल्ली की तुलना में बेहद कम है। दिलचस्प बात यह भी है कि विदेशों में केवल यही एक शहर नहीं है, जिसका नाम किसी भारतीय शहर पर रखा गया हो, कई अन्य भारतीय शहरों के नाम भी दुनिया के अलग-अलग देशों में मिलते हैं। आइए जानें, विदेश में कहां मौजूद है “दिल्ली”।
भारत के बाहर भी एक दिल्ली स्थित है, जो अमेरिका के न्यूयॉर्क राज्य में पड़ती है। जनसंख्या के लिहाज से यह भारत की दिल्ली से काफी छोटी है। जहां भारतीय दिल्ली में आबादी दो करोड़ से अधिक है, वहीं न्यूयॉर्क की दिल्ली में 2020 तक कुल 4,795 निवासी दर्ज किए गए थे। इस कस्बे का इतिहास 1798 से जुड़ा है। इसका नाम बाद में “दिल्ली” रखा गया, जो भारत की राजधानी दिल्ली से प्रेरित था।
न्यूयॉर्क संयुक्त राज्य अमेरिका का एक अहम राज्य और उसका सबसे बड़ा शहर है। यह दुनिया के प्रमुख सांस्कृतिक, आर्थिक और व्यापारिक केंद्रों में गिना जाता है। यहीं पर संयुक्त राष्ट्र (UN) का मुख्यालय स्थित है, और इस शहर को अक्सर “द बिग एप्पल” के नाम से भी पुकारा जाता है। न्यूयॉर्क पांच उपनगरों मैनहट्टन, ब्रोंक्स, ब्रुकलिन, क्वींस और स्टेटन आइलैंड में विभाजित है और हडसन नदी के मुहाने पर बसा हुआ है।
यह टाउन डेलावेयर काउंटी के मध्य भाग में स्थित है। संयुक्त राज्य जनगणना ब्यूरो के अनुसार, दिल्ली का कुल क्षेत्रफल लगभग 64.6 वर्ग मील है, जिसमें से 64.2 वर्ग मील हिस्सा जमीन का है, जबकि करीब 0.39 वर्ग मील (लगभग 0.62%) क्षेत्र पानी से घिरा है। शहर के बीचों-बीच वेस्ट ब्रांच डेलावेयर नदी बहती है। वहीं, लिटिल डेलावेयर नदी, दिल्ली के ठीक दक्षिण में, पूर्व दिशा से आकर वेस्ट ब्रांच में मिलती है।
न्यूयॉर्क राज्य में स्थित दिल्ली अपनी कड़ी और बर्फीली सर्दियों के लिए मशहूर है। यहां हर साल सर्दियों के मौसम में अच्छी-खासी बर्फ गिरती है। इस क्षेत्र पर वही बड़े शीतकालीन तूफान असर डालते हैं, जो राज्य के अन्य हिस्सों को भी प्रभावित करते हैं, और इनके कारण अक्सर भारी बर्फबारी होती है। आम तौर पर दिसंबर में करीब 11.3 इंच और जनवरी में लगभग 12.1 इंच बर्फ गिरने की संभावना रहती है।
शहर का नाम इसके संस्थापक एबनेजर फुट के सम्मान में रखा गया, जिन्हें “द ग्रेट मोगुल” के नाम से भी जाना जाता था। इसके साथ ही एरस्टर रूट भी शहर के प्रमुख संस्थापकों में शामिल थे। यह शहर जीन क्रेगहेड जॉर्ज के 1959 के नॉवेल 'माई साइड ऑफ द माउंटेन' की थीम पर है। दिल्ली 23 मार्च, 1798 को कॉर्टराइट, मिडलटाउन और वाल्टन शहरों से मिलकर बना था।