दुनिया

काबुल अस्पताल पर PAK की एयर स्ट्राइक, फूटा अफगान क्रिकेट खिलाड़ियों का गुस्सा, बोले-निर्दोषों को मारना युद्ध अपराध जैसा

अस्पताल पर हवाई हमले की निंदा करते हुए राशिद खान ने X पर कहा, 'काबुल में नागरिकों के मारे जाने पर वह बहुत दुखी हैं।' ऑल राउंडर ने कहा कि 'जानबूझकर या अनजाने में लोगों के घर, शैक्षणिक संस्थाओं अथवा चिकित्सा सुविधाओं को निशाना बनाना युद्ध अपराध जैसा है। रमजान के दिनों में यह हमला निंदनीय है।

Image

काबुल अस्पताल पर पाकिस्तान ने की है एयर स्ट्राइक।

Photo : ANI

Kabul hospital air strike: काबुल अस्पताल पर पाकिस्तान के हवाई हमले की निंदा अफगानिस्तान क्रिकेट के कई खिलाड़ियों ने की है। पाकिस्तान के इस हमले में करीब 400 लोगों की मौत हुई है जबकि 250 घायल हुए हैं। हालांकि, पाकिस्तान ने हमले से इंकार किया है। अस्पताल पर हुए इस हमले की निंदा दुनिया भर में हो रही है। खामा प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक तालिबान के अधिकारियों एवं स्थानीय निवासियों के हवाले से कहा गया कि पाकिस्तान ने काबुल को निशाना बनाते हुए भीषण बमबारी की। शहर भर में विस्फोटों की आवाज सुनी गई।

युद्ध अपराध जैसा कृत्य-राशिद खान

अस्पताल पर हवाई हमले की निंदा करते हुए राशिद खान ने X पर कहा, 'काबुल में नागरिकों के मारे जाने पर वह बहुत दुखी हैं।' ऑल राउंडर ने कहा कि 'जानबूझकर या अनजाने में लोगों के घर, शैक्षणिक संस्थाओं अथवा चिकित्सा सुविधाओं को निशाना बनाना युद्ध अपराध जैसा है। रमजान के दिनों में यह हमला निंदनीय है। इससे केवल घृणा और नफरत बढ़ेगी।'

उन्होंने आगे कहा, 'मैं यूएन एवं अन्य मानवाधिकार एजेंसियों से इस अत्याचार की जांच करने की मांग करता हूं। मैं इस कठिन वक्त में अफगानिस्तान के लोगों के साथ खड़ा हूं। हमारा यह घाव भरेगा और एक देश के रूप में हम फिर खड़े होंगे। इंशाल्लाह!'

काबुल में सपनों को बुझा दिया गया-मोहम्मद नबी

X पर एक वीडियो शेयर करते हुए अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के वरिष्ठ खिलाड़ी एवं ऑल राउंडर मोहम्मद नबी ने कहा, 'काबुल में आज की रात, सपनों को बुझा दिया गया। पाकिस्तानी सेना ने यहां इलाज करा रहे लोगों का कत्ल कर दिया। माताएं अस्पताल के दरवाजे पर खड़ी हैं, वे अपने बेटों को पुकार रही हैं। रमजान की 28वीं रात लोगों की जिंदगी खत्म कर दी गई।'

काबुल पीड़ा में है-जादरान

टी-20 टीम के कप्तान इब्राहिम जादरान ने कहा कि 'आज की रात मैंने काबुल में भीषण धमाके सुने। विस्फोट के कुछ क्षण बाद मैंने अस्पताल से आग की लपटें उठती हुए देखीं। हमारे भाई जो कल उपवास करने वाले थे, वे अब जा चुके हैं, या घायल हुए हैं। मैं प्रत्येक पीड़ित परिवार के साथ हूं। काबुल पीड़ा में है। हम न्याय के लिए प्रार्थना करेंगे।'

नशा मुक्ति उपचार अस्पताल पर हवाई हमला

इस हमले के बारे में जानकारी देते हुए इस्लामिक एमिरेट ऑफ अफगानिस्तान के उप प्रवक्ता हमदुल्ला फितरत ने कहा कि पिछली रात हुई बमबारी में मृतकों की संख्या 400 हो गई है और 250 लोग घायल हुए हैं। फितरत ने एक्स (X) पर लिखा, 'पाकिस्तानी सैन्य शासन ने आज शाम लगभग 9:00 बजे ओमिद नशा मुक्ति उपचार अस्पताल पर हवाई हमला किया, जो नशे की लत के इलाज के लिए समर्पित 2,000 बिस्तरों वाला एक बड़ा अस्पताल है। इस हमले के परिणामस्वरूप अस्पताल के बड़े हिस्से नष्ट हो गए हैं और भारी संख्या में हताहत होने की आशंका जताई जा रही है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article