दुनिया

Tariff on India: अमेरिका ने भारत पर लगाया 25 फीसदी टैरिफ, जुर्माना भी वसूलने का ऐलान

टैरिफ को लेकर बड़ी खबर सामने आ गई है, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 1 अगस्त से 25% टैरिफ लगाने का ऐलान किया है, ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करके इसकी जानकारी दी।

Image

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फोटो: PTI)

US Tariff on India: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) पर दोनों देशों के बीच जारी बातचीत में कुछ गतिरोध के संकेतों के बाद भारत पर 1 अगस्त से 25 प्रतिशत शुल्क लगाने की घोषणा की है। ट्रंप का कहना है कि भारत दुनिया में सबसे ऊंचे टैरिफ लगाने वाले देशों में से एक है। डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करके इसकी जानकारी दी।हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पोस्ट में भारत को अपना 'मित्र' बताया।

उन्होंने कहा, 'भारत हमारा मित्र है, लेकिन हमने पिछले कई वर्षों में उनके साथ अपेक्षाकृत कम व्यापार किया है, क्योंकि उनके शुल्क बहुत अधिक हैं, जो दुनिया में ‘सबसे अधिक’ हैं। उनके पास 'सबसे कठोर और अप्रिय’ गैर-मौद्रिक व्यापार बाधाएं हैं।'

ट्रंप ने मॉस्को के साथ भारत के सैन्य और ऊर्जा सहयोग को लेकर आलोचना की और भारत को रूस का सबसे बड़ा ऊर्जा खरीदार और हथियारों का एक प्रमुख ग्राहक बताया।

'भारत को 1 अगस्त से 25% टैरिफ और जुर्माना देना होगा'

ट्रुथ पर ट्रंप ने लिखा- याद रखें, यद्यपि भारत हमारा मित्र है, परंतु हमने पिछले कई वर्षों में उनके साथ अपेक्षाकृत कम व्यापार किया है, क्योंकि उनके टैरिफ बहुत अधिक हैं, जो विश्व में सबसे अधिक हैं, तथा उनके यहां किसी भी देश की तुलना में सबसे अधिक कठोर और अप्रिय गैर-मौद्रिक व्यापार बाधाएं हैं। इसके अलावा, उन्होंने हमेशा अपने सैन्य उपकरणों का एक बड़ा हिस्सा रूस से ही खरीदा है, और चीन के साथ, वे रूस के सबसे बड़े ऊर्जा खरीदार हैं, ऐसे समय में जब हर कोई चाहता है कि रूस यूक्रेन में हत्याएं बंद करे-सब कुछ ठीक नहीं है! इसलिए भारत को 1 अगस्त से 25% टैरिफ और उपरोक्त के लिए जुर्माना देना होगा।

भारत की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है

ट्रम्प की घोषणा पर भारत की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर अगले दौर की वार्ता के लिए अमेरिका की एक टीम अगले महीने भारत आने वाली है। भारत और अमेरिका की टीमों ने पिछले सप्ताह वाशिंगटन में समझौते पर पाँचवें दौर की वार्ता पूरी की। भारत के मुख्य वार्ताकार और वाणिज्य विभाग में विशेष सचिव राजेश अग्रवाल और दक्षिण एवं मध्य एशिया के लिए सहायक अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि ब्रेंडन लिंच ने विचार-विमर्श किया।

अमेरिका की एक टीम अगले महीने भारत की यात्रा पर आने वाली है

गौर हो कि है कि अमेरिका और भारत एक व्यापार समझौते के लिए बातचीत कर रहे हैं कई दौर की बातचीत के बाद भी अभी कोई प्रगति नहीं हुई वहीं अमेरिका की एक टीम अगले महीने भारत की यात्रा पर आने वाली है। डोनाल्ड ट्रंप के जनवरी 2025 में दूसरी बार अमेरिकी राष्ट्रपति बनने के बाद से ही दुनिया में ट्रेड वॉर की शुरुआत हुई है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article