वायरल न्यूज़

उधर डॉक्टर करते रहे सर्जरी, इधर महिला बजाती रही शहनाई, ऑपरेशन का Video हुआ वायरल

कई बार सोशल मीडिया पर हमें ऐसी चीजें देखने को मिल जाती हैं, जिन्हें देख लोग सोच में पड़ जाते हैं। हाल में एक ऐसा ही वीडियो सोशल मीडिया पर देखने को मिला। जहां ऑपरेशन थिएटर में ब्रेन सर्जरी के दौरान एक महिला को क्लैरिनेट (शहनाई जैसा एक वाद्ययंत्र) बजाते हुए देखा गया।

Image

सर्जरी के दौरान क्लैरिनेट बजाती महिला (X/@AP)

लंदन के किंग्स कॉलेज हॉस्पिटल में एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने न सिर्फ मेडिकल साइंस की ताकत को उजागर किया, बल्कि इंसानी हौसले और संगीत की जादुई शक्ति को भी दुनिया के सामने रखा। 65 साल की डेनिस बेकन, जो पार्किंसंस बीमारी से पिछले कई सालों से जूझ रही थीं, ऑपरेशन थिएटर में ब्रेन सर्जरी के दौरान अपने पसंदीदा वाद्ययंत्र क्लैरिनेट (शहनाई जैसा एक वाद्ययंत्र) बजाने लगीं। इस अद्भुत पल का वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। लोग इस अनोखे नजारे को देखकर हैरान और भावुक हो रहे हैं।

सर्जरी टेबल पर संगीत की गूंज

वीडियो में देखा जा सकता है कि डेनिस बेकन सर्जरी टेबल पर लेटी हुई हैं। डॉक्टर उनकी सर्जरी कर रहे हैं। सर्जरी के दौरान डेनिस अपने हाथों में शहनाई जैसा ही दिखने वाला यंत्र क्लैरिनेट बजा रही हैं। डेनिस बेकन, जो लंदन के ईस्ट ससेक्स के क्रोबोरो की रहने वाली हैं। एक समय में वे ईस्ट ग्रिंस्टेड कॉन्सर्ट बैंड की मेंबर थीं। लेकिन पार्किंसंस बीमारी के चलते उनकी उंगलियों ने काम करना बंद कर दिया। पांच साल पहले उन्होंने क्लैरिनेट बजाना भी छोड़ दिया। इस बीमारी ने उनके संगीत के जुनून को छीन लिया था, लेकिन किंग्स कॉलेज हॉस्पिटल में हुई एक खास सर्जरी ने उनकी जिंदगी में फिर से संगीत की रौनक लौटा दी।

4 घंटे तक चली डीप ब्रेन स्टिमुलेशन

बता दें कि डेनिस बेकन की डीप ब्रेन स्टिमुलेशन सर्जरी हुई है। चार घंटे तक चली इस डीप ब्रेन स्टिमुलेशन (DBS) सर्जरी का नेतृत्व प्रोफेसर कियोंमार्स अशकन ने किया। इस प्रक्रिया में डेनिस को पूरी तरह बेहोश नहीं किया गया। उन्हें सिर्फ लोकल एनेस्थीसिया दिया गया ताकि उनका सिर सुन्न रहे, लेकिन वे जागती रहें। जैसे ही डॉक्टरों ने उनके दिमाग में इलेक्ट्रोड्स के जरिए इलेक्ट्रिक सिग्नल दिए, डेनिस की उंगलियों में हरकत शुरू हो गई। उसी पल, उन्होंने अपने प्रिय क्लैरिनेट को उठाया और ऑपरेशन टेबल पर ही मधुर धुन छेड़ दी। डेनिस ने बाद में बताया, "जैसे ही स्टिमुलेशन शुरू हुआ, मेरा दायां हाथ स्वाभाविक रूप से चलने लगा। मैंने क्लैरिनेट उठाया और उसे बजाने लगी। उस पल मैं बेहद खुश थी।"

सर्जरी और संगीत साथ-साथ

प्रोफेसर अशकन ने बताया कि डेनिस का क्लैरिनेट बजाना सिर्फ एक भावनात्मक पल नहीं था, बल्कि यह सर्जरी की सफलता का एक रियल-टाइम संकेत भी था। उन्होंने कहा, "जब डेनिस ने क्लैरिनेट बजाना शुरू किया, तो हमें पता चल गया कि इलेक्ट्रोड्स सही जगह पर काम कर रहे हैं। उनकी उंगलियों की सहज गति ने हमें उनके मस्तिष्क की प्रतिक्रिया को समझने में मदद की।" यह सर्जरी न सिर्फ डेनिस की मोटर स्किल्स को बेहतर करने के लिए थी, बल्कि यह उनके जीवन में संगीत और सामान्य गतिविधियों को वापस लाने का एक जरिया भी बनी।

पांच साल बाद जीवन में संगीत की वापसी

पार्किंसंस ने डेनिस की जिंदगी से कई रंग छीन लिए थे। वे न सिर्फ क्लैरिनेट बजाने से वंचित थीं, बल्कि चलने, तैरने और नृत्य करने जैसी रोजमर्रा की गतिविधियां भी उनके लिए मुश्किल हो गई थीं। लेकिन इस सर्जरी ने उनके जीवन में नई उम्मीद जगाई। डेनिस अब फिर से संगीत की दुनिया में लौटने को तैयार हैं। उन्होंने उत्साह के साथ कहा, "मैं अब फिर से चलने, तैरने और नृत्य करने की कोशिश करूंगी। मेरी जिंदगी में संगीत फिर से लौट आया है।"

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

इस अनोखे पल को एसोसिएटेड प्रेस (AP) ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया। वीडियो में डेनिस को सर्जरी टेबल पर बैठे हुए, शांति और आत्मविश्वास के साथ क्लैरिनेट बजाते देखा जा सकता है। वीडियो के साथ लिखा गया कैप्शन था, "पार्किंसंस बीमारी से पीड़ित मरीज ने लंदन के अस्पताल में ब्रेन सर्जरी के दौरान बजाई क्लैरिनेट।" यह वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया। लोगों ने इसे मेडिकल साइंस की जीत और डेनिस बेकन के हौसले का प्रतीक बताया। एक यूजर ने लिखा, "यह पल मेडिकल साइंस और इंसानियत में विश्वास को मजबूत करता है।" वहीं, एक अन्य यूजर ने टिप्पणी की, "ब्रेन सर्जरी के बीच क्लैरिनेट बजाना इंसानी दिमाग की असीम संभावनाओं को दर्शाता है।"

(AP इनपुट्स के साथ)

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article