स्कूल जाने वाले टीनएजर्स देर रात मोबाइल या फिर पढ़ाई में अपना सबसे ज्यादा समय बिताते हैं। ऐसे में वे सुबह जल्दी बिस्तर छोड़ने को तैयार नहीं होते। उन्हें जगाने के लिए अलार्म की घंटी हो या फिर मम्मी की डांट, कुछ काम नहीं आता। इसी परेशानी से त्रस्त होकर एक मां ने अपनी बेटियों को सुबह नींद से जगाने के लिए एक ऐसा अनोखा और मजेदार हल निकाला कि उसकी चर्चा पूरे सोशल मीडिया पर होने लगी।
सुबह देर से उठती थीं बच्चियां
दरअसल, हुआ ये कि एक मां सुबह में अपनी बेटियों के देर से उठने की आदत से बहुत परेशान थी। ऐसे में उसने एक दिन सुबह-सुबह अपने बच्चों को नींद से जगाने के लिए अपने घर पर बैंड-बाजे वालों को बुला लिया और उन्हें अपने बच्चों के कमरे में ले आई, जहां बैंड-बाजे वालों ने बच्चियों को नींद से जगाने के लिए अपने ढोल-नगाड़े और ट्रंपेट जोर-जोर से बजाना शुरू कर दिया। बैंड-बाजे के 'शोरगुल' से उनकी नींद टूट गई। नींद टूटने पर बच्चियां चौंककर उठ जाती हैं, फिर कन्फ्यूजन में एक-दूसरे को देखती हैं। बड़ी बहन बिस्तर से उछल पड़ती है, जबकि छोटी नींद में ही चिल्लाती नजर आती है। मां बाहर से वीडियो बनाती हुई हंस रही हैं।
मां को सोशल मीडिया पर मिला 'मदर ऑफ द ईयर' का खिताब
फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो को इंस्टाग्राम समेत कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से शेयर किया गया है। इंस्टाग्राम पर वायरल इस वीडियो को @ghantaa नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जहां कैप्शन में "मदर ऑफ द ईयर" लिखा हुआ है। वीडियो को अब तक 6.5 मिलियन से ज्यादा व्यूज और लाखों लाइक्स मिल चुके हैं। वहीं वीडियो को सोशल साइट एक्स पर भी @gharkekalesh नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे लाखों लोगों ने देखा और हजारों लोगों ने लाइक किया है।
वीडियो पर लोगों के मजेदार कमेंट्स
वीडियो के वायरल होते ही लोगों का हंसी-ठहाका शुरू हो गया। देखते ही देखते वीडियो के कमेंट बॉक्स में हंसी-ठहाके का सैलाब आ गया। वीडियो को देखने के बाद लोगों ने इस पर खूब मजेदार कमेंट किए। जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "अगली बार पुराना तरीका, देसी चप्पल इस्तेमाल करना!" दूसरे ने लिखा, "ये वीडियो मेरी मां तक नहीं पहुंचनी चाहिए, वरना कल सुबह घर में बैंड बजने लगेगा।"
