वायरल न्यूज़

इंजन हुआ खराब तो पायलट ने जहाज को बीच पर उतारा, इमरजेंसी लैंडिंग कर बचाई बेटी और अपनी जान, देखें Video

वायरल वीडियो सोशल मीडिया के लगभग हर एक प्लेटफॉर्म पर जमकर शेयर किया जा रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि समुद्री तट पर एक विमान ने लैंड किया है। उसे देखने के लिए लोगों का हुजूम लगा हुआ है।

Image

समुद्री तट पर उतरा जहाज (X/@CollinRugg)

सोशल मीडिया पर एक वीडियो इस वक्त काफी तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि आसमान में उड़ता एक विमान समुद्री तट पर लैंड कर रहा है। वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @CollinRugg नाम के यूजर ने शेयर किया है। यूजर ने वीडियो को पोस्ट करते हुए एक कैप्शन लिखा, जिसमें उसने बताया कि सैन डिएगो के मिशन बीच पर एक छोटे से सेसना विमान को इंजन की खराबी के कारण समुद्री तट पर ही इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। इस विमान में पायलट के अलावा उसकी बेटी भी मौजूद थी। लेकिन पायलट के सूझबूझ की वजह से उसकी और उसकी बेटी दोनों की जान बच गई। साथ में विमान भी सुरक्षित रहा।

इंजन के खराब होने पर करनी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

सैन डिएगो यूनियन ट्रिब्यून के अनुसार, घटना मंगलवार की सुबह सैन डिएगो के मिशन बीच की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि अनुभवी पायलट विक्टर श्नाइडर ने अपनी बेटी जेनिफर के साथ ओशनसाइड एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। तभी उड़ान भरने के लगभग 20 मिनट बाद बर्ड रॉक के ऊपर बीच आसमान में उनके प्लेन के इंजन में एक खराबी आ गई।

पायलट ने बीच पर उतारा जहाज

ऐसी स्थिति में पायलट बिल्कुल घबराया नहीं और उसने फ्लाइट को बीच के एक ऐसे हिस्से की ओर मोड़ा, जहां लोग कम थे, ताकि कोई हताहत न हो। सैन डिएगो यूनियन ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने कई बार इंजन को फिर से शुरू करने की कोशिश की, लेकिन कई कोशिशों के बाद भी जब इंजन स्टार्ट नहीं हुआ तब पायलट ने बीच पर लैंडिंग करने का फैसला किया। आखिरकार पायलट ने विमान को सुरक्षित समुद्री तट पर उतार दिया।

सुरक्षित तरीके से रेत पर लैंड कर गया प्लेन

मामले को लेकर श्नाइडर ने सैन डिएगो यूनियन ट्रिब्यून से बात करते हुए कहा कि, "मैं विमान को ऐसी जगह ले जाना चाहता था जहां यह सुरक्षित हो। मैं नहीं चाहता था कि कोई घायल हो। सौभाग्य से, उस समय बीच पर ज्यादा लोग नहीं थे। एक चौथाई मील के दायरे में केवल चार लोग ही थे, जो काफी दूर-दूर थे।" लैंडिंग को देखने वाले स्थानीय निवासी एटेक मुनोज ने कहा कि, "मुझे लगा कि विमान दुर्घटनाग्रस्त हो जाएगा, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। विमान सुरक्षित तरीके से रेत पर लैंड कर गया।"

बच गए पायलट और उनकी बेटी

पायलट और उनकी बेटी दोनों सुरक्षित हैं, और बीच पर भी कोई घायल नहीं हुआ है। विमान की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद दमकलकर्मी, पुलिस और लाइफगार्ड तुरंत मौके पर पहुंचे और इस बात की पुष्टि की कि घटनास्थल पर कोई ईंधन रिसाव या मलबा नहीं था। बाद में संघीय विमानन प्रशासन ने विमान को हटाने की अनुमति दे दी। जेनिफर श्नाइडर ने अपने पिता के शांत और पेशेवर रवैये की तारीफ की, जिसने इस जोखिम भरी स्थिति को सुरक्षित रूप से संभाल लिया। बता दें कि जहाज के पायलट विक्टर श्नाइडर पिछले 20 सालों से जहाज उड़ा रहे हैं और एक कमर्शियल पायलट हैं और उनकी बेटी, जेनिफर श्नाइडर, एक फ्लाइट अटेंडेंट हैं।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article