ये समय टेकनोलॉजी का है। देश-दुनिया के बाजारों में ऐसे-ऐसे आविष्कार हो रहे हैं। जिसे देखने या सुनने के बाद कई बार हमें खुद पर भी यकीन नहीं होता। इसी कड़ी में आप कल्पना कीजिए दिल्ली या एनसीआर में एक ऐसी कार की, जो भारी ट्रैफिक में फंसे बिना तंग गलियों और जाम भरी सड़कों से आसानी से निकल जाए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो इसी अनोखी सोच को भी सच करता हुआ दिखाई दे रहा है। इस वायरल वीडियो में एक बेहद पतली इलेक्ट्रिक कार नजर आती है, जिसे देखकर लोग हैरान रह जाते हैं।
यह कार असल में फिएट पांडा से बनाई गई है, लेकिन इसे इतना स्लिम कर दिया गया है कि यह आम कारों से बिल्कुल अलग ही दिखती है। यह कार इतनी पतली है कि दो खड़ी गाड़ियों के बीच से भी आराम से निकल सकती है। वीडियो में यह कार सड़क पर खड़ी दिखाई देती है और अपनी अजीब लेकिन शानदार डिजाइन से सबका ध्यान खींच लेती है। कार के अंदर का नजारा और भी दिलचस्प है। इसमें फोर्कलिफ्ट जैसा छोटा स्टीयरिंग व्हील, हाथ से सिली हुई सीट और पैरों के नीचे ब्रेक व एक्सेलेरेटर के पैडल लगाए गए हैं।
कार के पीछे यानी ट्रंक में दो बैटरियां रखी गई हैं, जो इसे इलेक्ट्रिक पावर देती हैं। खास बात यह है कि इसकी हेडलाइट और टेललाइट्स ओरिजिनल ही रखी गई हैं। अगर ऐसी कार भारत की सड़कों पर आ जाए तो यह किसी सपने से कम नहीं होगी। दिल्ली-एनसीआर का ट्रैफिक, मुंबई की भीड़भाड़ या फिर गांव की संकरी पगडंडियां। यह कार हर जगह आसानी से चल सकती है। इलेक्ट्रिक होने के कारण इससे प्रदूषण भी नहीं होगा।
इस 1 मिनट के वीडियो को इंटरनेट पर @umashankarsingh नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। इस वायरल वीडियो को देखने के बाद इंटरनेट यूजर्स ने भी कई तरह के कमेंट्स किए हैं। जिसमें पहले ने लिखा: "सही कहा! ऐसी स्लिम-साइज SUV आए तो शहर हो या गांव, हर जगह धमाल मचा देगी। महिंद्रा अगर बना दे तो मार्केट में तूफान तय है।", दूसरे ने लिखा: "ये लॉजिक से परे है, अगर बनाना ही है तो इससे थोड़ा बड़ी और कम लम्बी रहे। यर तो हल्के से झुकाव पर गिर पड़ेगी", तीसरे ने लिखा: "ये कार नहीं कारनामा है"।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
