भारत घूमने के लिए हर साल लाखों विदेशी पर्यटक आते हैं। कई लोगों के लिए भारत भ्रमण बहुत ही सुकून भरा होता है तो कई लोगों को यहां पर कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ता है। साथ में यहां के कुछ लोग भी देश की छवि को खराब करने में कोई कसर नहीं छोड़ते। हाल में इसी से जुड़ा एक वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर देखने को मिल रहा है। जहां ट्रेन में सफर कर रही एक विदेशी महिला को भारत में बहुत ही बुरे अनुभवों का सामना करना पड़ा। जिसका वीडियो उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर करते हुए अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया।
ट्रेन के थर्ड एसी कोच में सफर कर रही थी विदेशी महिला
विदेशी महिला पुर्तगाल की रहने वाली है। जिनका नाम इनेस फारिया है। वे एक ट्रैवल इंफ्लुएंसर हैं और इस वक्त वे भारत की यात्रा पर हैं। इनेस अपने वीडियो को शेयर करते हुए उन्होंने वीडियो के कैप्शन में घटना से जुड़ी सारी जानकारी दी है। वे बताती हैं कि इंडिया में ट्रेन सफर के दौरान उन्हें बहुत ही बुरे अनुभवों से गुजरना पड़ा। उनकी टिकट ट्रेन के थर्ड एसी कोच में थी। जो आमतौर पर बहुत सेफ होती है और वे इसी क्लास में नॉर्मली सफर करती हैं। उनकी सीट के अगले कंपार्टमेंट में बैठ कुछ लोग बारी-बारी से उन्हें बुरी नजरों से एक टक देखे जा रहे थे। जिससे उन्हें असुरक्षित महसूस होने लगा।
पीछे-पीछे टॉयलेट तक भी जा पहुंचा शख्स
एक समय तो ऐसा आया कि उन्हें टॉयलेट जाना था। हालांकि टॉयलेट उनकी सीट से अगले ही कुछ कदमों पर था। चूंकि वे उन लोगों के रास्ते से नहीं गुजरना चाहती थीं, ऐसे में उन्होंने ट्रेन के अगले कंपार्टमेंट वाले टॉयलेट में जाने का फैसला किया। जब वे टॉयलेट गईं तो उनमें से एक शख्स उनके पीछे-पीछे वहां तक भी जा पहुंचा। एक बार तो उसने टॉयलेट का दरवाजा भी खोलने की कोशिश की। इनेस की दोस्त ने जब यह
बात नोटिस की तो वे भी पीछे से वहां पहुंची और अपनी दोस्त के लिए टॉयलेट के बाहर दरवाजे के पास जाकर खड़ी हो गईं।
टीटी ने बदला महिला का कोच
इन सबके बाद जब इनेस ने अपनी समस्या के बारे में ट्रेन के टिकट ऑफिसर से बात की तो उन्होंने स्थिति को गंभीरता से लिया और उन्हें उनकी दोस्त के साथ दूसरे डिब्बे (2AC) में शिफ्ट कर दिया। जहां उन्हें ज्यादा सेफ फील हो रहा था। इनेस फारिया ट्रेन के स्टाफ को अपना धन्यवाद देते हुए कहती है कि इंडिया में सफर के मेरे ज्यादातर अनुभव बहुत अच्छे रहे हैं, लेकिन ऐसे पल हमें याद दिलाते हैं कि हमेशा अपने मन की आवाज पर भरोसा करें और सफर करते समय एक-दूसरे का ध्यान रखें।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
