Viral Video: क्या आपने कभी कागज का हवाई जहाज बनाया है? बचपन में लगभग हर किसी ने ऐसा किया होगा। लेकिन क्या आपने कभी ऐसा पेपर प्लेन देखा है, जो इतना बड़ा हो कि उसे कई लोग मिलकर उठाएं और वह सचमुच उड़ भी जाए? इटली में कुछ छात्रों ने यही कमाल कर दिखाया। दरअसल, इटली के बोलोन्या (Bologna) शहर के एयरोस्पेस इंजीनियरिंग के छात्रों ने मिलकर दुनिया का सबसे बड़ा पेपर प्लेन बनाया। सबसे हैरानी की बात यह है कि यह विशाल विमान पूरी तरह कागज और गोंद से तैयार किया गया था। इसमें किसी भी तरह का मेटल, प्लास्टिक या किसी अन्य चीजों का इस्तेमाल नहीं किया गया था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
इटली के छात्रों ने बना दुनिया का सबसे बड़ा पेपर प्लेन
इस कागज के हवाई जहाज के पंखों की लंबाई 20.04 मीटर (65.75 फीट) है। इस पेपर प्लेन को बनाने में छात्रों ने कई दिनों तक मेहनत की। इसे बनाने में सबसे बड़ी चुनौती थी कि इतना बड़ा विमान जो बन रहा है, वो सिर्फ देखने के लिए ना हो, बल्कि यह सच में उड़ भी सके। इसके लिए छात्रों ने डिजाइन, बैलेंस और वजन पर खास ध्यान दिया। जब यह विशाल पेपर प्लेन तैयार हुआ, तो इसे एक बड़े एयरक्राफ्ट हैंगर में उड़ाया गया। सभी की निगाहें इसी पर थीं कि क्या यह उड़ पाएगा या नहीं। जैसे ही इसे लॉन्च किया गया, यह शानदार तरीके से हवा में तैरता हुआ हैंगर की पूरी लंबाई तक पहुंच गया।
पेपर प्लेन ने उड़ान भरकर दुनिया को कर दिया दंग
इस उड़ान के साथ ही इस अनोखे पेपर प्लेन ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपनी जगह बना ली। इस पेपर प्लेन के वीडियो को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ने अपने इंस्टाग्राम पर भी शेयर किया है। इस शानदार पल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को अब तक लाखों लोगों ने देखा और हजारों लोगों ने लाइक किया है। वीडियो (Video) को देखने के बाद लोगों ने छात्रों की मेहनत की जमकर तारीफ की। लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक पेपर प्लेन नहीं, बल्कि मेहनत, विज्ञान और टीमवर्क की मिसाल है। कई यूजर्स ने लिखा कि अगर सही सोच और मेहनत हो, तो साधारण कागज से भी असाधारण काम किया जा सकता है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
