सोशल मीडिया पर हर दिन कोई न कोई अजीब फूड चैलेंज वायरल होता रहता है, लेकिन इस बार जो वीडियो सामने आया है, उसने लोगों को हैरान भी कर दिया और परेशान भी। थाईलैंड के रहने वाले नत्थानॉन्ट लेर्टफात्फिचा, जो खुद को देश का नंबर-1 ईटिंग चैंपियन बताते हैं, उन्होंने ऐसा कारनामा कर दिखाया कि देखकर अच्छे-अच्छों का जी मिचला जाए।
2 मिनट में 100 कच्चे अंडे पीने का चैलेंज
नत्थानॉन्ट ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट @nutthanon_nat पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह एक बहुत बड़े कांच के गिलास में 100 कच्चे अंडे डालते नजर आते हैं। वीडियो की शुरुआत में वह एक-एक करके अंडे फोड़ते हैं और फिर पूरे जोश के साथ चिल्लाते हुए इस अनोखे चैलेंज को शुरू करते हैं। इसके बाद जो होता है, वह वाकई चौंकाने वाला है।
2 मिनट के अंदर 100 कच्चे अंडे पी गया यह आदमी
वीडियो में देखा जा सकता है कि नत्थानॉन्ट बिना रुके, बिना किसी परेशानी के, सिर्फ 2 मिनट के अंदर 100 कच्चे अंडे पी जाते हैं। वह पहले ही घूंट में आधे से ज्यादा गिलास खाली कर देते हैं।बता दें कि नत्थानॉन्ट पहले भी ऐसे भारी-भरकम फूड चैलेंज के लिए जाने जाते हैं। उनका पूरा सोशल मीडिया ऐसे ही वीडियो से भरा हुआ है, जहां वह मिनटों में बहुत ज्यादा खाना खत्म कर देते हैं।
वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रिया
इस वीडियो को अब तक 26 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। कमेंट सेक्शन में लोगों की प्रतिक्रियाएं भी खूब आ रही हैं। कुछ लोग उनकी तारीफ कर रहे हैं और उन्हें “मशीन” या “सुपरह्यूमन” बता रहे हैं। वहीं कई लोग उनकी सेहत को लेकर चिंता जता रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “भाई, आपकी सेहत की चिंता हो रही है, इतना ज्यादा खाना खतरनाक हो सकता है।” दूसरे ने मजाक में कहा, “मुझे तो 2 अंडे देखकर ही उल्टी आ जाती है।” किसी ने सवाल किया, “इतना सब पीने के बाद क्या आप सीधे बाथरूम गए?”
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
