वायरल न्यूज़

मुंबई को मिलने जा रही देश की पहली बंद दरवाजों वाली नॉन-एसी लोकल ट्रेन, वायरल वीडियो में देखें ट्रेन की झलक

Mumbai local train video: मुंबई में पहली बंद दरवाजों वाली नॉन-एसी लोकल ट्रेन जल्द शुरू होने जा रही है। इस ट्रेन में ऑटोमैटिक दरवाजा सिस्टम और वेंटिलेशन सुविधा होगी, जिससे यात्रियों की सुरक्षा और आराम दोनों बढ़ेंगे।

Image

मुंबई की लाइफलाइन में टेक्नोलॉजी का बड़ा अपग्रेड (Photo: X/Controversyy3)

Mumbai Local Train Video: मुंबई में यात्रियों के लिए एक नई और आधुनिक लोकल ट्रेन शुरू होने जा रही है, जो बंद दरवाजों वाली लेकिन बिना एयर कंडीशन (नॉन-एसी) होगी। इस ट्रेन का मुख्य उद्देश्य भीड़भाड़ के दौरान यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाना और गर्मी में बेहतर यात्रा अनुभव देना है। यह नई लोकल ट्रेन (mumbai local train) खास तकनीक से तैयार की गई है। इसमें ऑटोमैटिक डोर-क्लोजिंग सिस्टम लगाया गया है, यानी ट्रेन चलने के साथ ही दरवाजे अपने आप बंद हो जाएंगे। सोशल मीडिया पर अब इस ट्रेन का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। पहले यह सुविधा केवल एसी लोकल ट्रेनों में ही देखने को मिलती थी। इस बदलाव से खुले दरवाजों से होने वाली दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकेगा।

ट्रेन में फोर्स्ड वेंटिलेशन सिस्टम

एसी नहीं होने के बावजूद यात्रियों को घुटन महसूस न हो, इसके लिए ट्रेन में फोर्स्ड वेंटिलेशन सिस्टम लगाया गया है। यह सिस्टम डिब्बों के अंदर लगातार ताजी हवा पहुंचाता है, जिससे अंदर का वातावरण सामान्य और आरामदायक बना रहता है। इसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि भीड़ होने पर भी हवा का प्रवाह बना रहे। इस ट्रेन में सुरक्षा और सुविधा का भी खास ध्यान रखा गया है। इसमें “टॉक-बैक” सिस्टम दिया गया है, जिससे यात्री किसी भी आपात स्थिति में सीधे गार्ड या मोटरमैन से बात कर सकते हैं। इसके अलावा डिब्बों में बेहतर सीटिंग व्यवस्था, एलईडी लाइटिंग और जीपीएस आधारित सूचना प्रणाली भी शामिल है, जो यात्रियों को अगले स्टेशन की जानकारी देती है।

एसी लोकल से काफी सस्ता

यह रैक चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) में तैयार किया गया है और जल्द ही मुंबई के उपनगरीय रूट पर इसका ट्रायल शुरू किया जाएगा। अभी इसका किराया तय नहीं हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि यह एसी लोकल से काफी सस्ता होगा और सामान्य लोकल किराए के करीब रहेगा।

रेलवे का मानना है कि अगर यह प्रोजेक्ट सफल होता है तो मुंबई की लोकल ट्रेन सेवा को और भी आधुनिक बनाया जाएगा और ऐसे कई और रैक भी चलाए जाएंगे। इससे मुंबई की जीवन रेखा कही जाने वाली लोकल ट्रेन यात्रा और सुरक्षित और बेहतर बन सकेगी।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article