Anant Singh Cigarette Video: बिहार के मोकामा विधानसभा सीट से बाहुबली विधायक अनंत सिंह का एक वीडियो इन दिनों जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह खुलेआम अस्पताल के अंदर सिगरेट पीते नजर आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि वीडियो एक चेकअप के दौरान का है, जहां उन्हें जेल से अस्पताल ले जाया गया था। इस दौरान वह अस्पताल के गलियारे में अपने समर्थकों के साथ चलते हुए खुलेआम सिगरेट पीते दिख रहे हैं।
बाहुबली विधायक अनंत सिंह का वीडियो वायरल
वायरल हो रहा वीडियो पटना के IGMIS अस्पताल के होने का दावा किया जा रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद अनंत सिंह एक बार फिर से चर्चा में आ गए हैं। बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान हुई हिंसा के कारण उन्हें गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद से ही वह बेउर जेल में बंद चल रहे हैं। जेल के अंदर से ही उन्होंने विधानसभा का चुनाव लड़ा था। जेल के अंदर ही उन्हें जीत भी हासिल हुई थी। अनंत सिंह ने अपने प्रतिद्वंदी को 28 हजार से अधिक वोटों से मात दी थी। देखें वीडियो-
वीडियो सामने आने के बाद अब सवाल खड़े हो रहे हैं। अनंत सिंह के वीडियो पर आरजेडी ने भी सवाल उठाए हैं। आरजेडी की प्रवक्ता प्रियंका भारती ने अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल पर अनंत सिंह का सिगरेट पीने वाला वीडियो पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा- 'नायक नहीं खलनायक है तू... सुशासन को धुएं में उड़ाता हुआ अनंत सिंह! नीतीश जी का दुलारा खलनायक अस्पताल में सिगरेट पीते हुए रीलबाजी कर रहे है!' बता दें कि अनंत सिंह पटना के आईजीआईएमएस अस्पताल नियमित चेकअप के लिए जाते हैं।
