मां की ममता हर जीव में देखी जाती है। चाहे वह जानवर हो या फिर इंसान, मां तो आखिर मां ही होती है जो अपनी संतान के लिए किसी भी मुसीबत से टकरा जाती है। हाल में ऐसी ही एक मां की ममता सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में देखने को मिली, जहां अपने बच्चे को बचाने के लिए मां हाईटेंशन तार पर चढ़ गई और अपने बच्चे को मौत के मुंह से खींच लाई।
हाईटेंशन तार पर फंसा लंगूर का बच्चा
वायरल हो रहे इस वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक लंगूर का बच्चा हाईटेंशन तार पर फंस गया है, जो बार-बार छलांग लगाकर तार के बगल वाले छत पर पहुंचने की कोशिश कर रहा है लेकिन उसकी इतनी हिम्मत नहीं हो रही कि वह छलांग लगा दे। हाईटेंशन तार के बगल वाले छत पर लंगूर के बच्चे का परिवार उसकी ओर देख रहा है और उसकी हिम्मत बढ़ाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन उसकी मां सबकुछ छोड़ अपने बच्चे को उस मुसीबत से आजाद कराकर वापस लाने की फिराक में है।
मां ने बचाई बच्चे की जान
थोड़ी देर तक बच्चा मशक्कत करता है लेकिन वह छत पर छलांग नहीं लगा पाता। ऐसे में उसकी मां तुरंत छत से छलांग लगाकर उस तार पर पहुंचती है और एक झटके में अपने बच्चे को वापस लेकर उसी छत पर कूद पड़ती है, जिस पर उनका परिवार मौजूद था। मां की हिम्मत ने अपने बच्चे की जान बचा ली।
वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रिया
इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @Thebestfigen नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे खबर लिखे जाने तक लाखों लोगों ने देखा और हजारों लोगों ने लाइक किया है। वीडियो पर तमाम लोगों के कमेंट्स भी आए हैं। जिहां, कई लोग मां की ममता पर भावुक हुए, तो कई लोगों ने उस लंगूर की मां की हिम्मत की बहुत तारीफ की।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
