वायरल न्यूज़

VIDEO: सिर्फ 100 रुपये रोज की कमाई, 80 साल के इस कलाकार की कहानी ने लोगों की आंखें कर दीं नम

वायरल न्यूज (Viral News): सोशल मीडिया पर एक बुजुर्ग वायलिन प्लेयर का वीडियो खूब वायरल हो रहा है। जिसे जानने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स की आंखें नम हो गईं।

Image

वायलिन बजाते 80 साल के बुजुर्ग (Instagram/@storiesbyaradhana)

आज के दौर में सोशल मीडिया पर हर दिन हजारों वीडियो वायरल (Video Viral) होते हैं, लेकिन कुछ कहानियां ऐसी होती हैं जो सीधे दिल को छू जाती हैं। ऐसी ही एक कहानी है कोलकाता के 80 वर्षीय वायलिन वादक भगवान मलिक की, जो पिछले कई दशकों से सड़कों पर संगीत बजाकर अपना गुजारा कर रहे हैं।

गरीबी के बीच भी नहीं छोड़ा संगीत

भगवान मलिक के हाथों में आज भी वायलिन है, लेकिन उनका मकसद तालियां या प्रसिद्धि पाना नहीं, बल्कि दो वक्त की रोटी कमाना है। उनकी मेहनत और संघर्ष का वीडियो (Video) सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लाखों लोग भावुक हो गए। उद्योगपति आनंद महिंद्रा भी उनकी कहानी से प्रभावित हुए और उनकी मदद के लिए आगे आए।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

बचपन से ही कोलकाता की सड़कों पर बजा रहे हैं वायलिन

बताया जाता है कि भगवान मलिक ने बचपन में ही अपने माता-पिता को खो दिया था। वायलिन बजाने की कला उन्हें अपने पिता से मिली थी। पिता के निधन के बाद यही कला उनकी जिंदगी का सहारा बन गई। तभी से वह कोलकाता की सड़कों पर वायलिन बजाकर अपना और अपने परिवार का पेट पाल रहे हैं।

कला के लिए समर्पण हो तो ऐसा

आज उनकी उम्र 80 साल हो चुकी है। बढ़ती उम्र के कारण उनकी आंखों की रोशनी भी कमजोर हो गई है। उनका पुराना वायलिन भी लगभग टूट चुका था, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने संगीत बजाना नहीं छोड़ा। हर दिन शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक वह शहर के अलग-अलग इलाकों में बैठकर वायलिन बजाते हैं। घंटों मेहनत करने के बाद भी उनकी रोज की कमाई मुश्किल से 100 रुपये होती है। उनकी पत्नी भी अक्सर उनके साथ बैठती हैं और हर मुश्किल में उनका हौसला बढ़ाती हैं। दोनों का संघर्ष देखकर हर किसी की आंखें नम हो जाती हैं।

मदद के लिए सामने आए आनंद महिंद्रा

इस भावुक कहानी को कंटेंट क्रिएटर आराधना चटर्जी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। वीडियो वायरल होते ही हजारों लोगों ने भगवान मलिक की मदद के लिए हाथ बढ़ाया। उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने भी सोशल मीडिया पर उनकी जानकारी मांगी ताकि उनकी सहायता की जा सके। लोगों के सहयोग से भगवान मलिक के लिए करीब एक लाख रुपये की आर्थिक मदद जुटाई गई। इतना ही नहीं, उन्हें एक नया वायलिन भी उपहार में दिया गया, जिससे वह पहले की तरह संगीत बजा सकें।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article