सोशल मीडिया की इस हैरत भरी दुनिया में हर रोज कुछ ना कुछ ऐसा वायरल होते रहता है जो लोगों को हंसाने के साथ-साथ उन्हें सोचने पर भी मजबूर कर देता है। हाल ही में एक ऐसा ही वीडियो इन दिनों खूब वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि एक 'अंकल' ने अपने दिमाग का 100 प्रतिशत इस्तेमाल करते हुए ऐसा आविष्कार कर डाला कि लोग हैरान रह गए।
अंकल ने चूहा पकड़ने के लिए बनाई अद्भुत मशीन
दरअसल, अंकल ने अपने दिमाग की असाधारण शक्ति से चूहा पकड़ने के लिए एक अनोखी मशीन बनाई है। ये मशीन इतनी स्मार्ट और कारगर है कि चूहा इससे बचकर भाग ही नहीं सकता। साथी ही, अंकल की ये मशीन बेहद ही किफायती है। इसे बनाने में न कोई महंगा सामान, न कोई हाई-टेक गैजेट, और ना ही कोई हाई-फाई टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है। अगर इसे बनाने में कुछ लगा है तो वो है बस देसी जुगाड़ और थोड़ी सी मेहनत।
अंकल की इस मशीन को देख सोच में डूबे लोग
वीडियो में अंकल की चूहे पकड़ने वाली मशीन को देख एक ग्रामीण उनसे उस मशीन के बारे में यह पूछ बैठता है कि आखिर उनकी यह मशीन कैसे काम करती है। अंकल बताते हैं कि इस मशीन को बनाने में एक प्लास्टिक की बोतल और एक लकड़ी का इस्तेमाल किया है। आप वीडियो में देख सकते हैं कि मशीन में लकड़ी के सहारे बोतल को फंसाया गया है।
चने के लालच में फंसे दो चूहे
बोतल के अंदर चूहों को लालच देने के लिए चना भी रखा गया है। उसी चने के लालच में दो चूहे भी उस बोतल के अंदर घुस गए। बोतल को लकड़ी के ब्लॉक पर कुछ इस तरह फंसाया गया है कि चूहे जैसे ही बाहर निकलने के लिए बोतल के सिरहाने पर आते हैं, वैसे ही बोतल लकड़ी के ब्लॉक से टकराकर बंद हो जाती है और चूहे निकल नहीं पाते।
वीडियो पर यूजर्स के कमेंट्स
इस वायरल वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @RolexRuler नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे खबर लिखे जाने तक 1 लाख 81 हजार लोगों ने देखा और 1800 लोगों ने इसे लाइक किया है। वीडियो पर कई लोगों के कमेंट्स भी आए हैं। जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "जरूरत आविष्कार की जननी है; जब जैसी जरूरत पड़ती है, इंसान उसका जुगाड़ बना ही लेता है।" दूसरे ने लिखा, "अपना देश जुगाड़ लगाने में एक्सपर्ट है।" तीसरे ने लिखा, "अपने यहां लोगों को मौका नहीं मिलता, नहीं तो लोग बहुत कुछ कर गुजरने का हुनर रखते हैं।"
