वायरल न्यूज़

Viral Video: धूम' स्टाइल में चुराई बस, लेकिन किस्मत ने दे दिया धोखा! पंक्चर टायर ने बिगाड़ा चोरों का खेल

Viral Video: महाराष्ट्र के जलगांव जिले में स्थित जामनेर एसटी बस डिपो से अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में पूरी सरकारी बस ही चुरा ली। चोरी करने के बाद जैसे ही चोर बस को आगे ले गए, उन्हें अहसास हुआ कि बस का टायर पंक्चर है।

Image

चोरों के साथ हो गया खेल (तस्वीर साभार- @AnathNagrik)

Viral Video: चोरों द्वारा बाइक, कार या जेवर-नकदी चुराने की खबरें तो आपने अक्सर सुनी होंगी, लेकिन क्या आपने कभी सुना है कि कोई चोर (Chori Video) बस डिपो में घुसकर पूरी की पूरी बस ही ले उड़े? जाहिर सी बात है ज्यादातर लोगों को जवाब ना ही होगा। जी हां, ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला और बेहद मजेदार मामला महाराष्ट्र के जलगांव जिले के बस डिपो से सामने आया है। जहां कुछ चोर डिपो में खड़ी बस को चुरा रहे थे। हालांकि, चोरों की यह 'हाई-टेक' चोरी ज्यादा देर टिक नहीं सकी और उनकी किस्मत ने ऐसा दगा दिया कि उन्हें खाली हाथ ही दुम दबाकर भागना पड़ा।

    घटना जामनेर बस स्टैंड की है। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि डिपो में कई बसें कतार में खड़ी थीं। रात के सन्नाटे में अज्ञात चोर डिपो के अंदर दाखिल हुए और बड़े शातिराना अंदाज में एक खड़ी एसटी बस को स्टार्ट कर वहां से निकलने लगे। फुटेज में बस धीरे-धीरे रिवर्स होकर डिपो से बाहर निकलती दिख रही है। डिपो सुरक्षाकर्मियों और अधिकारियों को कानों-कान खबर तक नहीं हुई और चोर बस को लेकर चंपत हो गए। चोरों ने बस चुरा तो ली और खुद को बेहद चालाक समझ रहे थे, लेकिन, थोड़ी ही दूर जाने के बाद उनका सारा प्लान धरा का धरा रह गया। दरअसल, जिस बस पर उन्होंने हाथ साफ किया था, उसका टायर पंक्चर था। जैसे ही बस सड़क पर आगे बढ़ी, चोरों को गाड़ी चलाने में दिक्कत होने लगी और उन्हें समझ आ गया कि पंक्चर टायर के साथ ज्यादा दूर भागना मुमकिन नहीं है। पुलिस और डिपो अधिकारियों के पीछे लगने के डर से चोरों के पसीने छूट गए। हार मानकर वे बस को बीच रास्ते में ही लावारिस हालत में छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। देखें वीडियो...

    चोर की फूटी किस्मत

    सुबह जब डिपो कर्मचारियों को बस गायब मिली तो हड़कंप मच गया। तलाश शुरू की गई तो बस कुछ ही दूरी पर लावारिस हालत में खड़ी मिल गई। जब सीसीटीवी जांचा गया तो पूरी कहानी सामने आई। अब इस घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। एक्स पर इस वीडियो को AnathNagrik नाम के पेज से शेयर किया गया है। इतना ही नहीं यूजर्स इस वीडियो पर जमकर मजे ले रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि चोरों का दिमाग तो तेज था, पर किस्मत पंक्चर निकली। वहीं, कुछ अन्य यूजर का कहना है कि पेट्रोल खत्म होने से पहले ही किस्मत ने जवाब दे दिया। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।

    Kaushlendra Pathak
    कौशलेंद्र पाठकauthor

    कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

    और पढ़ें
    End of Article