विजयादशमी के पावन पर्व पर पूरे देश में भगवान राम की रावण पर विजय का उत्सव धूमधाम से मनाया गया। रावण दहन के कई वीडियो सोशल मीडिया पर निकल कर सामने आए, जहां एक रावण दहन के वीडियो ने तो लोगों को हैरान कर दिया। वीडियो में देखा गया कि रावण दहन के दौरान हुई आतिशबाजी से लोगों की नजरें ही नहीं हटीं। इस उत्सव पर दिखाई गई यह आतिशबाजी किसी हॉलीवुड के स्पेशल इफेक्ट से कम नहीं लग रही है।
वीडियो में दिखा हैरान कर देने वाला नजारा
वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही जलता हुआ रॉकेट वाला तीर रावण के पुतले को भेदता है, वैसे ही रावण के पुतले से आतिशबाजी होने लगती है, जिसकी चकाचौंध से आसमान जगमगा उठता है। रावण दहन देखने आए लोग इस आतिशबाजी को देख चिल्लाने लगते हैं और इस नजारे को अपने कैमरे में कैद करने लगते हैं।
रावण दहन पर हुई आतिशबाजी
वीडियो में साफतौर पर देखा जा रहा है कि किसी खुले मैदान में रावण दहन देखने के लिए हजारों लोग जमा हैं। रावण का विशालकाय पुतला मैदान में खड़ा है। एक शख्स जैसे ही रॉकेट जैसा तीर छोड़ता है, वह आग उगलते हुए सीधा रावण केी नाभि में धंस जाता है।
हुई जबरदस्त आतिशबाजी!
अगले ही पल, पुतले के अंदर से पटाखे फूटने लगते हैं। फिर होती है जबरदस्त आतिशबाजी! लाल, नीले, और हरे रंगों की चमकदार चिंगारियां आसमान को प्रकाशमय कर देती हैं। वीडियो को देखकर ऐसा लग रहा था जैसे मानो कोई फायरवर्क शो चल रहा हो। वीडियो में विस्फोट की आवाज बहुत तेज-तेज आ रही है। भीड़ में उत्साह की लहर दौड़ पड़ी है। लोगों को "जय श्री राम!" चिल्लाते हुए सुना जा सकता है।
कहां का है यह वीडियो
इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर @ImMemesupplier नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वायरल हो रहे इस वीडियो को महाराष्ट्र के डोम्बिवली का बताया जा रहा है। वीडियो को देखने के बाद इंटरनेट की जनता ने इसे अब तक का सबसे शानदार रावण दहन बताया है। इस वीडियो को पोस्ट करते हुए कैप्शन लिखा गया है, "एक रावण दहन ऐसा भी!" अब तक इस वीडियो को लाखों व्यूज और हजारों लाइक्स मिल चुके हैं।
