फूड फ्यूजन के कई सारे वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं, जिसमें कोई भी दो-तीन आइटम्स को मिलाकर एक नई डिश तैयार करता है। ये नई डिश बाजार में काफी अनोखी और पहली बार देखने को मिलतेी है, जैसे चॉकलेट वाली मैगी, काजू कतली की पकौड़ी और गुटखा युक्त शिकंजी। इसी तरह का एक और वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर देखने को मिल रहा है, जिसमें एक स्ट्रीट वेंडर चॉकलेट मिलाकर मोमोज बनाकर दिखा रहा है।
चॉकलेट मिलाकर बनाया मोमोज़
वीडियो में देखा जा सकता है कि वेंडर सबसे पहले एक पैन में बटर को काटकर डालता है। फिर वह उसमें चॉकलेट तोड़कर डाल देता है। बटर के साथ चॉकलेट को पिघलाने के बाद वह उस पैन में चॉकलेट सिरप मिलाता है। फिर वह उन तीनों को अच्छे से मिक्स कर उसमें पानी डाल देता है। इसके बाद वह एक अलग तेल वाली कड़ाही में कुछ मोमोज़ को अच्छे से क्रिस्पी फ्राई कर लेता है। उन मोमोज़ को फ्राई करने के बाद वह उन्हें कड़ाही से निकालकर उस पैन में बनी चॉकलेट ग्रेवी में मिला देता है।
वेंडर ने तैयार कर दी अनोखी डिश
इस तरह वेंडर देखते ही देखते एक अनोखी डिश तैयार कर लेता है। फिर वह उन चॉकलेट मोमोज़ को एक प्लेट में परोसता है। उन्हें अच्छे से सजाने के लिए वह उन पर चॉकलेट जेम्स डालकर उन्हें रंगीन बना देता है। फिर वह बारी-बारी से चॉकलेट वेफर्स के दो-तीन टुकड़े तोड़कर उन पर सजा देता है। इसके बाद ऊपर से वह एक बार फिर से चॉकलेट सिरप डालकर उन्हें ग्राहक के हाथों में थमा देता है। इस तरह इतना सबकुछ करके वह एक अलग तरह का मोमोज़ तैयार कर देता है।
वीडियो देख भड़के लोग
इस वायरल वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @memespot71 नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे खबर लिखे जाने तक लाखों लोगों ने देखा और लाइक किया है। वीडियो पर लोगों के कई मजेदार कमेंट्स भी आए हैं। जहां लोगों ने इस खास तरह के मोमज़ को देखने के बाद अपना गुस्सा जाहिर किया और कहा कि ऐसे गुनाहों की सजा इन लोगों को जरूर मिलनी चाहिए। एक यूजर ने तो कहा कि इन लोगों को सजा धरती पर तो मिलनी ही चाहिए, साथ ही इन्हें नरक में जाने के बाद भी दोजख की आग में झुलसाना चाहिए। दूसरे यूजर ने इस वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "इसने तो मोमोज़ को RIP कर दिया।"
