सोचिए रात के समय में आप अपने बाथरूम में जाएं और आपको वहां पर एक विशालकाय मगरमच्छ मिल जाए तो क्या होगा। जाहिर सी बात है कि डर के मारे आपकी चीख निकल जाएगी। कुछ ऐसा ही हुआ गुजरात में रहने वाले एक शख्स के साथ, जो रात के समय में अपने बाथरूम में गया तो उसने देखा कि उसके बाथरूम में एक 7 फुट का बड़ा सा मगरमच्छ बैठा हुआ है। फिलहाल इस वाकये का वीडियो (Video) इस वक्त सोशल मीडिया (Social Media) पर जमकर वायरल हो रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
रात में बाथरूम का दरवाजा खोला तो सामने था 7 फीट का मगरमच्छ
वायरल वीडियो (Viral Video) के कैप्शन में बताया गया है कि यह घटना गुजरात के आनंद जिले की है। जानकारी के अनुसार, बालाभाई चौहान अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। तभी रात में उन्हें घर के बाहर कुत्तों के लगातार भौंकने की आवाज सुनाई दी। उन्हें कुछ अजीब लगा, इसलिए वह उठकर देखने लगे कि आखिर मामला क्या है। जब उन्होंने बाथरूम का दरवाजा खोला तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। वहां एक विशाल मगरमच्छ बैठा हुआ था। मगरमच्छ को देखते ही पूरे परिवार में हड़कंप मच गया। किसी ने भी उसके पास जाने की हिम्मत नहीं की और तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी।
एक घंटे की मशक्कत के बाद हुआ रेस्क्यू
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। उनके साथ दया फाउंडेशन के सदस्य भी मौजूद थे। रेस्क्यू टीम ने पूरी सावधानी के साथ करीब एक घंटे तक अभियान चलाया। आखिरकार मगरमच्छ को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित पकड़ लिया गया। रेस्क्यू पूरा होने के बाद मगरमच्छ को पास के ही एक तालाब में छोड़ दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के मामलों में सबसे जरूरी बात यह होती है कि जानवर और इंसान, दोनों सुरक्षित रहें।
भारी बारिश के कारण अक्सर रिहायशी इलाके में पहुंच जाते हैं ये खतरनाक जीव
वन विभाग के अनुसार, मानसून के मौसम में ऐसे मामले बढ़ जाते हैं। बारिश के कारण तालाब और नदियां भर जाती हैं, जिससे मगरमच्छ अपने रहने की जगह छोड़कर आसपास के इलाकों में पहुंच जाते हैं। कई बार भोजन की तलाश या पानी के बहाव के कारण वे गलती से घरों और बस्तियों तक आ जाते हैं। अधिकारियों ने यह भी बताया कि इलाके के पास स्थित एक तालाब में बड़ी संख्या में मगरमच्छ रहते हैं इसलिए बारिश के मौसम में लोगों को ज्यादा सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि अगर कहीं मगरमच्छ दिखाई दे तो घबराएं नहीं और न ही उसे पकड़ने या भगाने की कोशिश करें। तुरंत वन विभाग को सूचना दें ताकि प्रशिक्षित टीम सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर सके।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
