जंगल की दुनिया में हर पल खतरा छिपा होता है। यहां कब कौन शिकारी बन जाए और कौन शिकार, यह कहना मुश्किल है। इन दिनों सोशल मीडिया पर ऐसा ही एक रोमांचक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने लाखों लोगों को हैरान कर दिया है। वीडियो में एक मगरमच्छ अचानक तेंदुए पर हमला करता है, लेकिन अगले ही पल जो होता है, उसे देखकर लोग तेंदुए को 'सुपरमैन' कहने लगे हैं।
तेंदुए का शिकार करने निकला मगरमच्छ
बताया जा रहा है कि यह वीडियो (Video) दक्षिण अफ्रीका के लायन सैंड्स गेम रिजर्व का है। इस दुर्लभ पल को वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर एशले ग्रैबो ने अपने कैमरे में कैद किया। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक तेंदुआ नदी के बीच मौजूद पत्थरों पर धीरे-धीरे चलता दिखाई देता है लेकिन उसे इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि पानी के अंदर एक विशाल मगरमच्छ घात लगाकर बैठा है। अचानक मगरमच्छ पानी से बाहर छलांग लगाकर तेंदुए को पकड़ने की कोशिश करता है। कुछ पल के लिए ऐसा लगता है कि अब तेंदुए का बचना मुश्किल है लेकिन तभी तेंदुआ अपनी तेज रफ्तार और शानदार फुर्ती दिखाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
मगरमच्छ के जबड़े से ऐसे बचा तेंदुआ
तेंदुआ बिजली जैसी तेजी से हवा में ऊंची छलांग लगाता है और मगरमच्छ के जबड़े से बाल-बाल बच निकलता है। वह सीधे दूसरी चट्टान पर जाकर उतरता है। यह पूरा नजारा इतना तेज होता है कि पहली बार देखने पर समझना भी मुश्किल हो जाता है। बाद में जब वीडियो को स्लो मोशन में देखा गया, तब लोगों को तेंदुए की असली फुर्ती का अंदाजा हुआ।
तेंदुए की फुर्ती देखकर दंग रह गए लोग
इस वायरल वीडियो (Viral Video) को इंस्टाग्राम पर @latestkruger नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा और हजारों लोगों ने लाइक किया है। वीडियो पर तमाम लोगों के कमेंट्स भी सामने आ रहे हैं। जहां कई यूजर्स ने लिखा कि तेंदुए की रिएक्शन स्पीड कमाल की है। कुछ लोगों ने मजाक में कहा कि तेंदुए ने बचते समय मगरमच्छ के मुंह पर थप्पड़ भी जड़ दिए। वहीं कई लोगों ने उसे 'जंगल का सुपरमैन' और 'नेचर का सबसे फुर्तीला खिलाड़ी' बताया।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
