राजस्थान के माउंट आबू के पास से एक चौंका देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें जंगल का सबसे खतरनाक शिकारी, तेंदुआ, कचरे के ढेर में खाने की तलाश करता नजर आ रहा है। इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर भारतीय वन सेवा (IFS) के अधिकारी परवीन कासवान ने शेयर किया है। 17 सेकंड का यह वायरल क्लिप न केवल दुखद है, बल्कि यह मानव अतिक्रमण के कारण जंगली जानवरों की बदतर होती स्थिति को भी दिखा रहा है।
कचरे में भोजन की तलाश
वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक तेंदुआ कचरे के ढेर में प्लास्टिक, गंदगी और कूड़े के बीच भोजन की तलाश करता दिख रहा है। जहां
तेंदुआ, अपनी फुर्ती, ताकत और शिकार करने की क्षमता के लिए जाना जाता है, वहीं इस वीडियो में वह बिल्कुल एक अलग ही रूप में दिखाई दे रहा है। IFS अधिकारी परवीन कासवान ने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा, "कितना दुखद दृश्य। शिवांश साह ने माउंट आबू के पास इस तेंदुए को रिकॉर्ड किया। देखिए हमारा कचरा कैसे जंगल तक पहुंच रहा है।" इसके साथ ही उन्होंने एक मैसेज भी लिखा, "आइए बेहतर बनें, जंगलों की रक्षा करें, कचरे का प्रबंधन करें और वन्यजीवों को उनका घर वापस दें।"
सोशल मीडिया पर गुस्सा
वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने गुस्से और निराशा के साथ अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। कई यूजर्स ने कचरा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त सजा की मांग की, साथ ही सरकार से वन्यजीवों के आवास की समस्या पर और ध्यान देने की अपील की। एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "यह बहुत दुखद है। एक बात साफ है कि हम अपनी नागरिक जिम्मेदारी स्वेच्छा से नहीं निभाएंगे। इसके लिए भारी जुर्माने के साथ सख्ती करनी होगी।" दूसरे यूजर ने कहा, "विकास के नाम पर उनकी जमीन छीन ली जाती है, जंगल नष्ट किए जा रहे हैं। पर्यावरण को होने वाला नुकसान बहुत बड़ा है, लेकिन सरकार को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।"
इससे पहले भी इस स्थिति में दिख चुके हैं कई जानवर
माउंट आबू के एक स्थानीय निवासी ने बताया, "मैं माउंट आबू से ही हूं। मैंने पहले भी एक वीडियो शेयर किया था जिसमें दो भालू कचरे के ढेर में थे। अब गाय, भैंस, भालू और तेंदुआ सभी एक साथ कचरे में दिख रहे हैं। मैं किसी का नाम नहीं लेना चाहता, लेकिन जिम्मेदार लोग कुछ नहीं करते। बहुत दुख होता है।" एक अन्य यूजर ने कहा, "यह वाकई बहुत दुखद है। जब हम उनकी जमीन पर अतिक्रमण करते हैं, तो बेचारे जानवरों के पास कोई विकल्प नहीं बचता। इंसान की लालच का कोई अंत नहीं।"
