वायरल न्यूज़

सेहत के साथ-साथ स्वाद भी! हाथियों को दिया गया पौष्टिक नाश्ता, देखभाल, प्यार और खुशी से भरा वीडियो IAS अफसर ने किया शेयर

सोशल मीडिया पर एक प्यारा सा वीडियो इन दिनों जमकर वायरल हो रहा है, जिसने लोगों का दिन बना दिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि महावत अपने हाथियों के लिए सुबह-सुबह स्वादिष्ट नाश्ता तैयार कर उन्हें खाने को दे रहे हैं। हाथी इस नाश्ते को करने के बाद अपनी देखभाल करने वाले लोगों को सूंड उठाकर उन्हें आभार जता रहे हैं।

Image

हाथियों को नाश्ता कराते महावत (X/@supriyasahuias)

इंसान और हाथी सदियों से एक-दूसरे के करीब रहे हैं। कई कहानियों में इंसान और हाथी की मित्रता का उदाहरण पेश किया गया है। कई जगहों पर तो लोग हाथियों को अपने परिवार के सदस्य की तरह पालते हैं और उनके लिए वो हर एक चीज करते हैं जो वे कर पाते हैं। हाल में ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर देखने को मिला है जिसमें हाथियों की देखभाल, उनके प्रति लोगों का प्यार, और खुशियों से भरा एक गजराज परिवार दिख रहा है।

तमिलनाडु का बताया जा रहा है यह वीडियो

इस वायरल वीडियो को सोशल साइट एक्स पर IAS सुप्रिया साहू ने अपने ऑफिशियल अकाउंट @supriyasahuias से शेयर किया है। उन्होंने वीडियो के कैप्शन में बताया कि यह वीडियो तमिलनाडु के मुदुमलाई टाइगर रिजर्व में कोझीकमथी हाथी शिविर का है। उन्होंने कैप्शन में लिखा, "जब कोझीकमथी हाथी शिविर में ताजी पकी रागी, चावल और घोड़े की दाल की सुगंध हवा में भर जाती है, और महावतों द्वारा नारियल और गुड़ से मिलाई गई भोजन की गोलियां राजसी हाथियों तक पहुँचती हैं, तो यह नाश्ता अनुष्ठान देखने लायक होता है।"

हाथियों को परोसा गया स्वादिष्ट नाश्ता

वीडियो में आप देख सकते हैं कि महावत अपने प्रिय हाथियों के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया पौष्टिक नाश्ता परोसते नजर आ रहे हैं। हाथियों के परिवार का यह नजारा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के दिलों को छू रहा है। इस वीडियो में कोझीकमथी शिविर के महावतों को रागी, चावल, घोड़े की दाल, नारियल और गुड़ से बने पौष्टिक भोजन की गोलियां तैयार करते देखा जा सकता है। यह नाश्ता न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि यह हाथियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर बनाया गया है। जैसे ही सुबह होती है, वैसे ही महावतों द्वारा बनाए गए इस स्वादिष्ट भोजन की खुशबू पूरे कैंप में फैल जाती है।

लोगों को पसंद आया यह वीडियो

जब यह भोजन हाथियों को परोसा जाता है, तो वे अपनी सूंड ऊपर उठाकर खुशी और संतुष्टि का इजहार करते हैं, मानो वे अपने रखवालों को धन्यवाद दे रहे हों। वीडियो में यह प्यारा सा नजारा देखकर हर कोई मंत्रमुग्ध हो गया। इस वीडियो को अब तक 88 हजार लोगों ने देखा और 500 लोगों ने लाइक किया है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद लोगों ने महावतों के इस काम को खूब सराहा है। वीडियो पर एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, "वीडियो को देख ऐसा लग रहा है जैसे सभी हाथी इतने शानदार नाश्ते के लिए महावतों को आशीर्वाद दे रहे हैं।" दूसरे ने लिखा, "इस वीडियो को देख मेरा दिन बन गया।"

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article