वायरल न्यूज़

दादी ने उम्र को दिखाया ठेंगा, 82 साल की उम्र में की बंजी जंपिंग, 117 मीटर की ऊंचाई से लगाई छलांग

82 साल की उम्र में एक बुजुर्ग महिला अपनी उम्र को मात देते हुए बंजी जंपिंग के लिए ऋषिकेश पहुंची। जहां उन्होंने 117 मीटरकी ऊंचाई से छलांग लगाई। इस उम्र में भी बुजुर्ग महिला की अद्भुत शक्ति और अदम्य साहस को देख लोग हैरान हैं। फिलहाल महिला का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

Image

बजी जंपिंग करती 82 साल की दादी (Instagram/@globesome.india)

'Age is just a number' (उम्र महज एक संख्या है), इस बात को सच साबित करती एक बुजुर्ग महिला का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला बंजी जंपिंग करते दिख रही है। बंजी जंपिंग के वक्त महिला के चेहरे पर ना तो कोई घबराहट और ना ही कोई शिकन दिख रही है। वह मजे में एक ऊंचाई वाली जगह से छलांग लगाती दिख रही है। महिला को देख ऐसा लग रहा है जैसे वह छलांग लगाने का भरपूर आनंद उठा रही है।

ऋषिकेश में बुजुर्ग महिला ने लगाई छलांग

जहां बंजी जंपिंग के वक्त अच्छे-अच्छे लोगों की सिट्टी-पिट्टी गुम हो जाती है। कई लोग तो डर के मारे रोना-धोना भी शुरू कर देते हैं। लेकिन ये दादी अपनी उम्र के आखिरी पड़ाव में भी अपनी जिंदगी को मजे से जी रही हैं। उन्हें देख ऐसा लग रहा है जैसे उन्हें एडवेंचर्स चीजें बहुत पसंद हैं और वे घूमने-फिरने की भी बहुत शौकीन हैं। तभी तो मीलों दूर का सफर तय कर ऋषिकेश पहुंची हैं। ऋषिकेश के शिवपुरी में उन्होंने भारत के सबसे ऊंचे बंजी जंपिंग स्टेशन से छलांग लगाई, जो कि ऊंचाई में 117 मीटर है।

वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल

बुजुर्ग दादी का यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @globesome.india नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक 32 लाख लोगों ने देखा और 24 हजार से ज्यादा लोगों ने इसे लाइक किया है। वीडियो के कैप्शन और टाइटल में बताया गया है कि दादी की उम्र 82 साल है और उनका नाम ओलेना बाइको है। वे बंजी जंपिंग के लिए ऋषिकेश के शिवपुरी में स्थित भारत के सबसे ऊंचे बंजी जंपिंग स्टेशन पर जंपिन हाइट्स प्लेटफॉर्म से 117 मीटर की अद्भुत छलांग लगाई।

दादी की हिम्मत की लोगों ने की तारीफ

दादी के इस वीडियो को देख लोगों ने उनकी हिम्मत और फिटनेस की जमकर तारीफ की। लोगों ने कहा कि दादी इस उम्र में भी दुनिया को फतेह करने का जज्बा रखती हैं। वीडियो पर एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, "दादी अपने जीवन के हर पल का आनंद ले रही हैं। देखिए वह किस तरह अपनी बाहें हिला रही है, ऐसा लगता है जैसे कोई बैलेरीना उड़ान भर रही हो।" दूसरे ने लिखा, "इस वीडियो ने मुझे मुस्कुराने पर मजबूर कर दिया। दावे के साथ कह सकता हूं कि उन्होंने अपनी बकेट लिस्ट से हर चीज को चेक किया होगा।" तीसरे ने उन्हें साहस और आनंद का सच्चा प्रतीक बताया।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article