वायरल न्यूज़

केरल के लोगों से पूरे देश को सीखना चाहिए, रेलवे स्टेशन के इस Video को देख आप भी यही कहेंगे

अगर लोग चाहे तो सार्वजनिक जगहों पर साफ-सफाई कोई मुश्किल काम नहीं है। इसी सोच की एक झलक सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में देखने को मिल रही है।

Image

रेलवे स्टेशन के इस प्लेटफॉर्म को देखकर चौंक गए लोग (X/@IndianGems_)

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक रेलवे स्टेशन का वीडियो खूब वायरल हो रहा है। वीडियो (Video) में जो नजारा दिख रहा है, उसे देखकर लोग हैरान रह गए। वीडियो में देखा जा सकता है कि स्टेशन पर प्लेटफॉर्म एकदम साफ दिख रहे हैं, ट्रैक पर कहीं भी कोई कचरा नहीं है। लोगों की बैठने वाली बेंच चमकती हुई और डस्टबिन एकदम सही जगह पर रखे हुए, जिनमें लोग कचरा उठाकर डालते हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि इस स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर छोटे-मोटे गुटखा या पान मसाला के कोई पैकेट भी नजर नहीं आ रहे। वरना आमतौर पर कई स्टेशनों पर गंदगी का ऐसा अंबार होता है कि लोगों ने दीवारों पर थूका होता है, चारों तरफ खाने के या फिर गुटखा-पान मसालों के पैकेट्स फेंके रहते हैं। साथ ही प्लेटफॉर्म पर लोगों ने ऐसी गंदगी मचाई होती है कि वहां पर एक पल ठहरना भी दुभर हो जाता है।

ये भी पढ़ें:

कहां का है यह वीडियो?

इस वायरल वीडियो (Viral Video) को सोशल साइट एक्स पर @IndianGems_ नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो के कैप्शन में बताया गया है कि यह नजारा केरल के किसी रेलवे स्टेशन का है। जहां प्लेटफॉर्म और रेलवे ट्रैक्स इतने साफ हैं कि यहां गुटखे का एक सिंगल पैकेट भी नहीं देखा जा सकता। रेलवे स्टेशन पर इतनी साफ-सफाई देखकर लोगों को इस बात का यकीन नहीं हो रहा है कि यह भारत का ही रेलवे स्टेशन है। कई लोग वीडियो के कमेंट सेक्शन में सवाल कर पूछ रहे हैं कि क्या यह सच में भारत का ही स्टेशन है या फिर कोई एडिट किया गया वीडियो है? लेकिन जो लोग केरल गए हैं, उन्हें पता है कि वहां ऐसे साफ-सुथरे स्टेशन देखना कोई नई बात नहीं है।

अब सवाल यह उठता है कि आखिर केरल में ऐसा कैसे संभव हो पाता है?

    सबसे बड़ा कारण है लोगों की सोच। वहां के लोग समझते हैं कि सार्वजनिक जगह भी उनकी अपनी ही है। अगर वे खुद कचरा फैलाएंगे, तो माहौल गंदा ही होगा इसलिए ज्यादातर लोग कचरा डस्टबिन में ही डालते हैं। यह आदत उन्हें बचपन से सिखाई जाती है।

  • दूसरी बात, वहां का रेलवे स्टाफ भी काफी सक्रिय रहता है। सफाई कर्मचारी समय-समय पर प्लेटफॉर्म और ट्रैक्स की सफाई करते रहते हैं। कई जगह मशीनों का भी इस्तेमाल होता है लेकिन सच यह है कि सिर्फ स्टाफ से कुछ नहीं होता, जब तक लोग खुद जिम्मेदारी न लें।
  • केरल में साफ-सफाई को लेकर लोगों में काफी जागरूकता है। लोग वहां गंदगी फैलाने को अच्छा नहीं मानते और उनका मानना है कि शिक्षा से जब तक हम खुद को ना बदलें तब तक उस शिक्षा का कोई मतलब नहीं है। ऐसे में लोग खुद ध्यान रखते हैं कि वे कहीं भी कचरा न फैलाएं। अगर कोई गलती से कचरा गिरा भी दे, तो अक्सर कोई न कोई उसे उठा लेता है या फिर उसे साफ कर देता है।

    डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

    Pankaj Yadav
    पंकज यादवauthor

    पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

    और पढ़ें
    End of Article