वायरल न्यूज (Viral News): लोग कई बार यह सोच लेते हैं कि कुछ सपने सिर्फ जवानी के लिए ही होते हैं। उम्र ढलने के बाद उन सपनों का कोई मतलब नहीं होता लेकिन दिल्ली की आयुषी नेगी ने यह साबित कर दिया कि सपनों को पूरा करने की कोई उम्र नहीं होती। दरअसल, आयुषी ने अपने 90 और 80 साल के दादा-दादी को उनकी पहली इंटरनेशनल ट्रिप पर ले जाकर उनका वर्षों पुराना सपना पूरा किया। इस दौरान आयुषी अपने दादा-दादी को ट्रिप के लिए लंदन ले गईं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
पोती ने पूरा किया दादा-दादी का विदेश जाने का सपना
फिलहाला आयुषी की यह स्टोरी सोशल मीडिया पर एक वायरल वीडियो (Viral Video) के जरिए सामने आई, जिसने हजारों लोगों का दिल छू लिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि आयुषी ने अपने दादा-दादी के साथ लंदन की यात्रा का हर एक खास पल कैद किया। बैग पैक करने से लेकर पहली बार फ्लाइट में बैठने तक। हालांकि यह सफर आसान नहीं था। शुरुआत में उनका यूके वीजा आवेदन रिजेक्ट हो गया था, और बाद में कुछ अंतरराष्ट्रीय हालातों के कारण यात्रा को टालना पड़ा लेकिन परिवार ने हार नहीं मानी और आखिरकार उन्होंने यह सपना सच कर दिखाया।
80-90 की उम्र में पहली फ्लाइट, खुशी से चमक उठे चेहरे
वीडियो (Video) में दादा-दादी की खुशी साफ दिखाई दे रही है। पहली बार फ्लाइट में बैठना, फ्लाइट का खाना खाना, अपने परिवार से वीडियो कॉल पर बात करना और एक नए देश को देखना, यह सब उनके लिए बिल्कुल एक नया अनुभव था। जो वे अपनी उम्र के आखिरी पड़ाव में महसूस कर रहे थे। उनके चेहरे की मुस्कान यह बता रही थी कि यह यात्रा उनके लिए कितनी खास है। आयुषी ने बताया कि इस यात्रा की सबसे खास बात यह थी कि उनके दादा-दादी ने इस उम्र में भी कुछ नया करने का साहस दिखाया। जहां कई लोग इस उम्र में अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकलने से डरते हैं, वहीं उन्होंने इस नए अनुभव को खुले दिल से अपनाया।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
