सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर देने वाला एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है। जिसने लाखों लोगों का दिल छू लिया। यह वीडियो किसी बड़े कारनामे का नहीं, बल्कि एक छात्रा के हौसले और पढ़ाई के प्रति उसके जुनून का है। वीडियो देखकर लोग उसकी मेहनत और जिद की खूब तारीफ कर रहे हैं।
बाढ़ सब बहा ले गई, लेकिन पढ़ने का जज्बा नहीं
वायरल वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि एक लड़की अपनी किताबें और कॉपियां धूप में सुखा रही है। वीडियो के कैप्शन में बताया जा रहा है कि बाढ़ आने के कारण उसके घर में पानी भर गया था। इस वजह से उसकी पढ़ाई का सारा सामान भी भीग गया लेकिन उसने हार मानने के बजाय अपनी किताबों और कॉपियों को धूप में सुखाकर उन्हें फिर से इस्तेमाल होने लायक बनाने का फैसला किया और उन्हें सड़क किनारे धूप में सूखने को छोड़ दिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
धूप में कॉपी-किताब सुखाती नजर आई छात्रा
वीडियो (Video) में आप देख सकते हैं कि छात्रा सड़क किनारे खड़ी होकर धूप में अपने एक-एक किताब और कॉपी को फैलाकर सुखाती नजर आ रही है। उसके चेहरे पर परेशानी तो दिख रही है, लेकिन पढ़ाई छोड़ देने का उसका कोई इरादा नहीं दिख रहा। छात्रा का यही हौसला लोगों के लिए काफी प्रेरित करने वाला है। आज के समय में जहां लोग छोटी-छोटी परेशानियों के कारण अपने लक्ष्य से पीछे हट जाते हैं, वहीं इस छात्रा ने मुश्किल हालात में भी उम्मीद नहीं छोड़ी और लोगों को यह बताया कि अगर मन में कुछ करने का जज्बा हो, तो कोई भी मुश्किल रास्ता नहीं रोक सकती।
छात्रा का यह वीडियो लोगों को कर रहा मोटिवेट
यह वीडियो असम के किसी बाढ़ग्रस्त इलाके का बताया जा रहा है। जिसे सोशल साइट एक्स पर @Amitjanhit नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक हजारों लोगों ने देखा और लाइक किया है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग छात्रा की खूब तारीफ कर रहे हैं। जहां एक यूजर ने इस वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "इसी जिद और मेहनत से सपने पूरे होते हैं।" दूसरे ने कहा, "इस बच्ची का हौसला हर किसी के लिए प्रेरणा है।" वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, "भगवान करे इसकी सारी मेहनत रंग लाए।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
