वायरल न्यूज़

Video: धान के खेत में पहुंचा मगरमच्छ, कंधे पर रखकर ले जाते दिखा ग्रामीण, वन विभाग ने नदी में छोड़ा

धान के खेत में मगरमच्छ मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। इसके बाद ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर वन विभाग को सौंपा, जिसके बाद मगरमच्छ को नदी में छोड़ दिया गया।

Image

मगरमच्छ को कंधे पर लादकर ले जाते हुए शख्स (Times Now Navbharat)

बरसात के मौसम में कई बार जंगली जानवर अपने प्राकृतिक आवास से निकलकर रिहायशी इलाकों या खेतों तक पहुंच जाते हैं। ऐसा ही एक मामला बिहार के सुपौल जिले से सामने आया है, जहां धान के खेत में एक मगरमच्छ दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि ग्रामीणों ने घबराने के बजाय समझदारी और सतर्कता दिखाई। उन्होंने मगरमच्छ को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित पकड़ा और वन विभाग के हवाले कर दिया। फिलहाल, इस मामले का वीडियो (Video) भी सामने आया है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

खेत में पहुंचा 4 फीट का मगरमच्छ

यह घटना भीमनगर थाना क्षेत्र के लालपुर वार्ड-14 की है। शुक्रवार को कुछ ग्रामीण अपने खेतों में काम कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर धान के खेत में एक मगरमच्छ (Crocodile) पर पड़ी। देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में फैल गई और मौके पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। हालांकि, भीड़ होने के बावजूद किसी ने मगरमच्छ को नुकसान पहुंचाने की कोशिश नहीं की। ग्रामीणों ने सावधानी बरतते हुए उसे सुरक्षित तरीके से काबू में किया और तुरंत इसकी सूचना वन विभाग की टीम को दी।

बिना नुकसान पहुंचाए किया गया रेस्क्यू

जानकारी मिलते ही वन विभाग, वीरपुर की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने मगरमच्छ को अपने कब्जे में लेकर उसकी जांच की। जांच में पता चला कि मगरमच्छ पूरी तरह स्वस्थ है। इसके बाद विभाग ने सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कीं और उसे उसके प्राकृतिक आवास यानी कोसी नदी में सुरक्षित छोड़ दिया।

इलाके में मगरमच्छ दिखे तो क्या करें? वन विभाग ने बताया

वन विभाग के फॉरेस्टर रवि रंजन ने बताया कि पकड़े गए मगरमच्छ की लंबाई करीब 4 फीट 16 इंच थी। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने के कारण कई बार मगरमच्छ और अन्य जंगली जीव खेतों या आबादी वाले इलाकों तक पहुंच जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी कोई वन्यजीव दिखाई दे तो घबराएं नहीं और न ही खुद उसे पकड़ने या नुकसान पहुंचाने की कोशिश करें। इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दें, ताकि प्रशिक्षित टीम सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर सके।
Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article